वियान मुल्डर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Wiaan Mulder 367: टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा के नाम है। उन्होंने 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 400 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। सोमवार को साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज वियान मुल्डर इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गए थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मुल्डर ने दूसरे दिन पहले सेशन तक 367 रन बना लिए थे और सिर्फ 34 रन दूर थे, लेकिन उन्होंने पारी घोषित करने का फैसला कर सबको चौंका दिया।
रिकॉर्ड के इतने करीब होकर भी क्यों रुक गए मुल्डर?
मुल्डर के इस फैसले से हर कोई हैरान था। वह इस मैच में कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं, क्योंकि केशव महाराज चोट के चलते बाहर हैं और टेम्बा बावुमा भी टीम में शामिल नहीं हैं। कई फैंस ने उनके फैसले को साहसी कहा तो कुछ ने इसे मूर्खतापूर्ण करार दिया। मैच के बाद मुल्डर ने बताया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।
मुल्डर ने कहा, “टीम ने पर्याप्त रन बना लिए थे और मुझे लगा कि अब जिम्बाब्वे को बल्लेबाजी के लिए भेजना चाहिए। साथ ही, ब्रायन लारा जैसे दिग्गज खिलाड़ी इस रिकॉर्ड को बनाए रखने के हकदार हैं। अगर भविष्य में मुझे मौका मिला, तो मैं फिर से यही करूंगा।”
367 रनों की पारी में बनाए कई रिकॉर्ड
मुल्डर की इस 367 रनों की पारी ने कई रिकॉर्ड बनाए। वे दक्षिण अफ्रीका के लिए टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, उन्होंने हाशिम अमला के 311 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा, यह टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक भी रहा, जो मुल्डर ने 297 गेंदों में पूरा किया। यह टेस्ट इतिहास की पांचवीं सबसे बड़ी पारी भी बन गई। गौर करने वाली बात है कि इस सूची में कोई भी भारतीय बल्लेबाज शामिल नहीं है।
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: तीसरे टेस्ट के लिए लंदन पहुंची टीम इंडिया, जसप्रीत बुमराह की होगी वापसी!
दक्षिण अफ्रीका की विशाल बढ़त
दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी 626 रनों पर घोषित की। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर सिमट गई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में भी एक विकेट गंवा दिया था। फिलहाल दक्षिण अफ्रीका को 405 रनों की विशाल बढ़त हासिल है और वह जीत की ओर मजबूती से बढ़ रहा है।