झारखंड में भारी बारिश
Jharkhand Weather: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार के दिन के लिए झारखंड के कई जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के भीतर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की पूरी गुंजाइश है।
Jharkhand Weather: इन जिलों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की आशंका
आईएमडी के मौसम बुलेटिन में कहा गया कि रविवार सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं लोहरदगा, रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश की संभावना है।
यह स्थिति चक्रवाती हवाओं और अन्य मौसमीय गतिविधियों की वजह से बनी है। ऐसी स्थिति में झारखंड के दक्षिण-पश्चिम और मध्य हिस्सों में बारिश की तीव्रता सबसे ज्यादा रहने की संभावना है।
Jharkhand Weather: अगले दौर में इन जिलों पर भी नजर
अगले कुछ दिनों के दौरान झारखंड के अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में भी शनिवार यानी आज के दिन भी अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी है, खासकर उन लोगों से जो निचले इलाके में बसे हैं। निचले इलाकों में जलभराव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं से बचने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: झारखंड में मौसम की मार से परेशान लोग, अगले 5 दिन के लिए अलर्ट; आसमां से गिरेगी बिजली
अब तक झारखंड में सामान्य से 75% ज्यादा बारिश
एक जून से चार जुलाई तक झारखंड में 75 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस अवधि में राज्य में 395 मिमी वर्षा हुई, सामान्य तौर पर इस दौरान औसतन 226.3 मिमी बारिश ही होती है। यह आंकड़े बताते हैं कि इस बार मानसून ने झारखंड में जोरदार ढंग से दस्तक दी है। बारिश की यह अतिरिक्त मात्रा किसानों के लिए तो अच्छी खबर है, लेकिन कई इलाकों में इससे बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित होना भी लगभग निश्चित है।
रांची और लातेहार में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
राजधानी रांची में अब तक 177 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसका मतलब है कि वहां जितनी बारिश सामान्य तौर पर होती है, उससे करीब दोगुनी बारिश अबकी बार हो चुकी है। लातेहार में भी 153 प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई, जिससे इलाके में नदियों और तालाबों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है।
देवघर और गोड्डा में कम बारिश की स्थिति
जहां ज्यादातर जिले भारी बारिश से तरबतर नजर आ रहे हैं, वहीं झारखंड के कुछ इलाके अब भी कम बारिश की समस्या से जूझ रहे हैं। देवघर में इस सीजन में अब तक 35 फीसद कम बारिश हुई है, जबकि गोड्डा में 27 प्रतिशत की कमी देखी गई है। इन जिलों में किसान अब भी बारिश के इंतजार में हैं ताकि उनकी फसल ठीक से बोई जा सके।
ये भी पढ़ें: कोल्हान ने बारिश ने पटरी से उतारी जिंदगी, सड़कें लबालब घरों में भी घुस पानी
नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह
- लोगों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा अपडेट पर नजर रखें।
- निचले इलाकों में जलभराव से बचें।
- आकाशीय बिजली से बचने के लिए पेड़ों के नीचे न खड़े हों।
- खेतों और ऊंची जगहों पर काम करते समय सतर्क रहें।
- प्रशासन द्वारा जारी किसी भी चेतावनी या दिशा-निर्देश का पालन करें।
मानसून की रफ्तार बनी रहेगी
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मॉनसून की गति बनी रहने की संभावना है। इससे राज्य के कई और जिलों में अच्छी बारिश की उम्मीद जागी है, जो खेती के लिहाज से तो फायदेमंद है, लेकिन इसके साथ ही बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए आम लोगों से पूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है।