टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG 2nd Test: भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में खेला गया, जिसमें भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद अब दूसरा टेस्ट मैच 2 जुलाई से एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच में दो नए खिलाड़ियों की प्लेइंग-11 में एंट्री हो सकती है।
दरअसल, टीम इंडिया फिलहाल इस सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही है। पहले मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद ऐसा माना जा रहा है कि कप्तान शुभमन गिल अब दूसरे टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकते हैं।
बुमराह और कुलदीप होंगे बाहर!
दूसरे टेस्ट मुकाबले में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव का खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों की जगह नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया जा सकता है।
ये खिलाड़ी होंगे प्लेइंग-11 में शामिल
दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर प्रैक्टिस की। नेट सेशन के बाद टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोशेट ने संकेत दिए कि नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर के पास टीम में जगह बनाने का मौका है। ये दोनों खिलाड़ी बुमराह और कुलदीप यादव की जगह टीम में शामिल हो सकते हैं।
2 स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरेगा भारत
वहीं, रयान टेन डोशेट का कहना है कि एजबेस्टन में 2 स्पिन गेंदबाजों के विकल्प के बारे में टीम सोच रही है। वॉशिंगटन सुंदर नेट्स में शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ अच्छी गेंदबाजी भी कर रहे हैं। ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर को दूसरे मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। जडेजा और सुंदर की जोड़ी दूसरे टेस्ट मैच में खेलती नजर आ सकती है।
बुमराह ने भी किया प्रैक्टिस
हालांकि, ये आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं है कि जसप्रीत बुमराह दूसरे टेस्ट में खेलेंगे या नहीं। लेकिन, फैंस को ये देखकर खुशी हुई कि बुमराह ने नेट्स पर गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग का अभ्यास किया है। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट में खेल सकते हैं।
भारतीय टीम के संभावित प्लेइंग-11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव/वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।