रोहित शर्मा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Rohit Sharma: भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आगामी वनडे सीरीज के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वह इन दिनों अभिषेक नायर के साथ जिम और मैदान पर ट्रेनिंग करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रोहित शर्मा अभ्यास सत्र में शामिल होते दिखे। गौरतलब है कि उन्होंने दो महीने से अधिक समय से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। आखिरी बार वह आईपीएल 2025 के दूसरे क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस की ओर से खेले थे।
सिर्फ वनडे पर फोकस
रोहित शर्मा ने हाल ही में टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है। अब वह केवल वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। रोहित और विराट कोहली दोनों ने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी, लेकिन 50 ओवर के फॉर्मेट में खेलने की इच्छा जताई थी। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद रोहित वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह सकते हैं।
रिटायरमेंट की अटकलों के बीच अभ्यास में दिखी गंभीरता
रिटायरमेंट की खबरों के बीच रोहित ने अपनी फिटनेस और फॉर्म पर काम शुरू कर दिया है। वह अपने पुराने साथी और कोच अभिषेक नायर के साथ ट्रेनिंग में जुटे हैं। मैदान पर टहलते और स्ट्रेचिंग करते हुए रोहित का वीडियो वायरल हो रहा है, जिससे यह साफ होता है कि वह अपने खेल को लेकर गंभीर हैं और आगामी सीरीज़ के लिए खुद को पूरी तरह तैयार कर रहे हैं।
वनडे रैंकिंग में बाबर आज़म को पीछे छोड़ा
इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा की मौजूदगी अब भी बेहद प्रभावशाली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ताजा वनडे रैंकिंग में रोहित शर्मा ने दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। उनके 756 रेटिंग अंक हैं और वह पाकिस्तान के बाबर आज़म से आगे निकल गए हैं, जो वेस्टइंडीज दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इस सूची में भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल 784 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान में दिख सकते हैं रोहित
भारतीय टीम को अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। माना जा रहा है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों इस सीरीज़ में हिस्सा ले सकते हैं। रोहित ने एक बार फिर अपनी तैयारी शुरू कर दी है और उनके प्रदर्शन पर क्रिकेट जगत की निगाहें टिकी हैं।