लियोनेल मेसी प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे (सोर्स- सोशल मीडिया)
Lionel Messi: दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक, लियोनेल मेसी दिसंबर 2025 में भारत आ रहे हैं। इवेंट प्रमोटर सतद्रु दत्ता ने शुक्रवार को यह ऐलान किया कि मेसी का बहुप्रतीक्षित ‘GOAT टूर ऑफ इंडिया 2025’ 12 दिसंबर को कोलकाता से शुरू होगा। इसके बाद वे अहमदाबाद, मुंबई और अंत में दिल्ली का दौरा करेंगे। यह मेसी की 2011 के बाद भारत की पहली यात्रा होगी।
कोलकाता में होगा टूर की शुरुआत
मेसी 12 दिसंबर की रात को कोलकाता पहुंचेंगे और वहीं उनका सबसे लंबा प्रवास रहेगा। 13 दिसंबर की सुबह ताज बंगाल होटल में एक विशेष ‘मीट-एंड-ग्रीट’ और पारंपरिक भोज का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मेहमानों को बंगाली मछली, मिठाइयाँ, अर्जेंटीनी और असम की चाय का स्वाद मिलेगा। उसी दिन ईडन गार्डन्स या साल्ट लेक स्टेडियम में एक भव्य GOAT कॉन्सर्ट, ‘GOAT कप’ फुटबॉल मैच और मेसी की एक विशाल प्रतिमा का अनावरण होगा।
दिग्गज सितारों की मौजूदगी
कोलकाता की दुर्गा पूजा के दौरान मेसी के सम्मान में 25×20 फीट का विशेष भित्ति चित्र भी तैयार किया जाएगा। इसमें प्रशंसक अपनी पेंटिंग्स और संदेश भेज सकते हैं। इस कार्यक्रम में सौरव गांगुली, लिएंडर पेस, जॉन अब्राहम और बाइचुंग भूटिया जैसे दिग्गज भी ‘GOAT कप’ में मेसी के साथ खेलते दिखाई दे सकते हैं।
अहमदाबाद और मुंबई में भी भव्य आयोजन
13 दिसंबर की शाम को मेसी अहमदाबाद रवाना होंगे जहां वे अदानी फाउंडेशन के एक निजी कार्यक्रम में भाग लेंगे। 14 दिसंबर को मुंबई में सीसीआई ब्रेबोर्न स्टेडियम में एक ‘मीट-एंड-ग्रीट’ और पैडल GOAT कप का आयोजन होगा। इस इवेंट में शाहरुख खान, लिएंडर पेस सहित अन्य चर्चित हस्तियां शामिल हो सकती हैं। वहीं शाम को वानखेड़े स्टेडियम में GOAT कॉन्सर्ट और फुटबॉल मैच का आयोजन होगा जिसमें सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, रोहित शर्मा और अन्य बॉलीवुड सितारे मौजूद रह सकते हैं।
दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात
15 दिसंबर को मेसी दिल्ली पहुंचेंगे जहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दिन में फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में अंतिम GOAT कॉन्सर्ट और GOAT कप का आयोजन किया जाएगा, जिससे उनका भारत दौरा समाप्त होगा।
आधिकारिक घोषणा जल्द
सतद्रु दत्ता ने बताया कि सभी आवश्यक अनुमति मिल गई हैं और मेसी खुद 28 अगस्त से 1 सितंबर के बीच अपने भारत दौरे का आधिकारिक पोस्टर जारी करेंगे, जिसमें पूरे टूर का विवरण और परिचय शामिल होगा।