किप्लिन डोरिगा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Kiplin Doriga: ऑस्ट्रेलिया के उत्तर में स्थित छोटे से द्वीप देश पापुआ न्यू गिनी से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। पापुआ न्यू गिनी की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के अनुभवी खिलाड़ी किपलिंग डोरिगा को डकैती के मामले में दोषी करार दिया गया है। यह घटना सोमवार, 25 अगस्त को सेंट हेलियर्स इलाके में हुई। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोरिगा को हिरासत में ले लिया था।
मजिस्ट्रेट कोर्ट ने माना मामला गंभीर
बुधवार सुबह डोरिगा को मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें डकैती के आरोप में दोषी ठहराया गया। मजिस्ट्रेट ने इसे एक अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए इसे रॉयल कोर्ट के लिए उपयुक्त माना। इसके चलते अब डोरिगा को 28 नवंबर को रॉयल कोर्ट में पेश होना होगा। मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उनकी ज़मानत याचिका खारिज कर दी है, और तब तक उन्हें पापुआ न्यू गिनी पुलिस की हिरासत में रहना होगा।
कब सामने आया मामला?
गौरतलब है कि इन दिनों पापुआ न्यू गिनी में क्रिकेट विश्व कप चैलेंज लीग (CWC चैलेंज लीग) चल रही है। इस लीग के दूसरे चरण में डोरिगा को राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया था। लेकिन कानूनी कार्रवाई के चलते अब उनका टूर्नामेंट में आगे खेल पाना लगभग नामुमकिन हो गया है। इस लीग में 28 अगस्त को पापुआ न्यू गिनी को जर्सी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
डोरिगा का अंतरराष्ट्रीय करियर और प्रदर्शन
किपलिंग डोरिगा पापुआ न्यू गिनी क्रिकेट टीम के जाने-माने विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2021 और 2024 में दो टी20 विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व किया है। डोरिगा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 97 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 39 वनडे में 730 रन और 43 टी20 मुकाबलों में 359 रन बनाए हैं। विकेटकीपिंग में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 49 कैच और 11 स्टंप किए हैं।
Also Read This: Hockey Asia Cup 2025 में भारत का विजयी आगाज, चीन को दी करारी मात
भविष्य पर संकट
डकैती जैसे गंभीर आरोप में दोषी पाए जाने के बाद किपलिंग डोरिगा का क्रिकेट करियर खतरे में नजर आ रहा है। जहां एक ओर उनकी अंतरराष्ट्रीय छवि को बड़ा झटका लगा है, वहीं पापुआ न्यू गिनी क्रिकेट बोर्ड के लिए भी यह एक शर्मनाक स्थिति बन गई है। रॉयल कोर्ट का फैसला उनके भविष्य की दिशा तय करेगा।