खलील अहमद (सोर्स- सोशल मीडिया)
Khaleel Ahmed: भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भारतीय तेज़ गेंदबाज़ खलील अहमद, जो काउंटी क्लब एसेक्स के लिए खेल रहे थे, अचानक इंग्लैंड से स्वदेश लौट आए हैं। खलील ने एसेक्स के साथ 6 प्रथम श्रेणी और 10 लिस्ट ए मैचों के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन उन्होंने अब निजी कारणों का हवाला देते हुए अनुबंध बीच में ही समाप्त कर दिया।
केवल दो मैच खेलकर लौटे भारत
खलील अहमद ने एसेक्स के लिए अब तक केवल 2 प्रथम श्रेणी मैच खेले थे, जिनमें उन्होंने कुल 4 विकेट झटके थे। उनका प्रदर्शन संतोषजनक रहा, जिससे उम्मीद थी कि वे बाकी मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। लेकिन अचानक उनके देश लौटने की खबर ने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया।
एसेक्स क्लब ने बयान जारी कर दी जानकारी
एसेक्स काउंटी क्लब ने खलील अहमद के लौटने की पुष्टि करते हुए कहा, “एसेक्स क्रिकेट पुष्टि करता है कि खलील अहमद ने निजी कारणों से स्वदेश लौटने का फैसला किया है और क्लब के साथ उनका कार्यकाल अब समाप्त हो जाएगा।”
क्लब ने आगे लिखा, “हमें उनके जाने का दुख है, लेकिन हम उनके फैसले का पूरा समर्थन करते हैं। उनके योगदान के लिए हम आभारी हैं और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
खलील का सफर
काउंटी में खेलने से पहले खलील अहमद ने इंडिया ए टीम के लिए भी एक मुकाबला खेला था, जिसमें उन्होंने 4 विकेट हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने काउंटी क्रिकेट में खेलने का फैसला लिया ताकि वे टेस्ट चयनकर्ताओं के रडार में बने रह सकें। लेकिन फिलहाल, उनके इस सफर में ब्रेक लग गया है।