अर्शदीप सिंह (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला गया भारत-इंग्लैंड का चौथा टेस्ट मैच बेहद रोमांचक रहा और अंतत: ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस मुकाबले में वाशिंगटन सुंदर और रवींद्र जडेजा की शानदार पारियों ने टीम इंडिया को हार से बचा लिया। दोनों खिलाड़ियों ने जबरदस्त धैर्य और तकनीक के साथ बल्लेबाज़ी की और इंग्लैंड के गेंदबाज़ों की हर चाल को नाकाम किया।
सुंदर-जडेजा की जुझारू पारियां
वाशिंगटन सुंदर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ते हुए 101 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा ने 107 रनों की जबरदस्त पारी खेली। दोनों बल्लेबाज़ों ने इंग्लैंड के गेंदबाज़ों को टिकने का मौका नहीं दिया और तीनों सेशन तक बल्लेबाज़ी कर मैच को ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई। सुंदर ने 9 चौके और एक छक्का लगाया, वहीं जडेजा ने 13 चौके और एक छक्के के साथ अपनी पारी को सजाया।
स्टोक्स की रणनीति फेल
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और उनकी टीम ने हरसंभव कोशिश की कि किसी तरह भारतीय बल्लेबाज़ों को आउट कर जीत दर्ज की जा सके, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। मैच के अंतिम दिन इंग्लिश गेंदबाज़ तीनों सेशन गेंदबाज़ी करने के बावजूद सिर्फ दो विकेट ही ले पाए। जडेजा और सुंदर ने ना केवल विकेट बचाए बल्कि इंग्लैंड की जीत की उम्मीदों को भी ध्वस्त कर दिया।
अर्शदीप का भांगड़ा, इंग्लैंड को और चिढ़ाया
हालांकि यह मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम में जश्न का माहौल था। पंजाब किंग्स ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें भारतीय खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम की ओर जाते दिख रहे हैं। लेकिन सबसे खास पल रहा अर्शदीप सिंह का भांगड़ा डांस। चोट के चलते चौथे टेस्ट से बाहर रहे अर्शदीप मैदान में नहीं उतरे, लेकिन टीम की सफलता से उत्साहित होकर फैंस के सामने भांगड़ा करते नजर आए। उनका यह डांस इंग्लिश टीम की निराशा के बीच तंज की तरह देखा गया।
केएल राहुल चूके, गिल का धमाका
दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाज़ों का जलवा रहा। शुभमन गिल ने एक और शतक जड़ा, जबकि केएल राहुल मात्र 10 रन से चूकते हुए 90 पर आउट हो गए। इस पारी में भारत के तीन बल्लेबाज़ गिल, जडेजा और सुंदर ने शतक जड़े और इंग्लैंड के मंसूबों पर पानी फेर दिया।