ग्रेग चैपल और शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड में अंग्रेजों से क्रिकेट के मैदान पर दो दो हाथ कर रही है। लेकिन यहां 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले तीन में से दो में हार का सामना करना पड़ा है। अब भारत के लिए टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज करने के लिए बाकी दोनों मैचों में विजयश्री हासिल करनी होगी। इस बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्रेग चैपल ने भारतीय कप्तान के शुभमन गिल को लेकर बड़ा बयान दिया है।
पूर्व भारतीय कोच और दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ग्रेग चैपल ने टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को इंग्लिश टीम पर फतह हासिल कने का गुरुमंत्र दिया है। उन्होंने एक वेबसाइट पर लिखे अपने लेख में कहा कि गिल को मुश्किल वक्त में अपने खिलाड़ियों पर भरोसा जताना होगा और उन्हें हौसला देना होगा।
ग्रेग ने दिया गिल को दिया गुरु मंत्र
चैपल ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो में अपने कॉलम में लिखा, “भारतीय टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट मैचों की तैयारी में जुटी है। ऐसे में अब सबकी निगाहें उनके 25 वर्षीय कप्तान शुभमन गिल पर टिकी हैं। एक प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया है और नेतृत्व क्षमता की झलक भी दिखाई है, लेकिन उनकी असली परीक्षा अब होगी। यही वह मौका है जो टेस्ट कप्तान के तौर पर उनकी दिशा तय करेगा।”
उन्होंने कहा, “गिल को दिखाना होगा कि वह भारत को किस तरह की टीम बनाना चाहते हैं। कप्तान न केवल अपने शब्दों से, बल्कि अपने प्रदर्शन और स्पष्ट मानदंडों से भी टीम के भीतर माहौल बनाता है।
चैपल ने कहा, “इसका मतलब है कि टीम को मैदान पर अनुशासित रखना। भारत फिर से खराब क्षेत्ररक्षण वाली टीम नहीं बन सकता। सर्वश्रेष्ठ टीमें मैदान में शानदार होती हैं। वे आसानी से रन नहीं देतीं।”
खिलाड़ी पर जताएं भरोसा
चैपल चाहते हैं कि गिल उस टीम का चयन करने में दृढ़ रहें जो उन्हें लगता है कि उनके लिए मैच जीत सकती है। उन्होंने कहा, “चयनकर्ताओं और गिल को अपने चुने हुए खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना होगा। उन्हें खिलाड़ियों के एक ऐसे मुख्य समूह की पहचान करनी होगी जो उनके अनुसार अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।”
चैपल ने लिखा, “उनके पास एक स्पष्ट योजना होनी चाहिए और प्रत्येक खिलाड़ी को उसकी भूमिका के बारे में जागरूक करना होगा। टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी भूमिका पता होनी चाहिए। उसे पता होना चाहिए कि उससे क्या अपेक्षाएँ हैं।”
कप्तान के रुप में स्थापित करें साख
उन्होंने लिखा, “अगर गिल एक महान टेस्ट कप्तान बनना चाहते हैं, तो यह उनके लिए न केवल एक बल्लेबाज के रूप में, बल्कि एक कप्तान के रूप में भी अपनी साख स्थापित करने का मौका है। अगर गिल स्पष्ट सोच और दृढ़ संकल्प के साथ नेतृत्व करते हैं, तो वह न केवल इस श्रृंखला को आकार देंगे, बल्कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य भी तय करेंगे।”