अभिमन्यु ईश्वरन (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारतीय बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन एक बार फिर टेस्ट डेब्यू से चूक गए। इंग्लैंड दौरे पर भी वह टीम इंडिया के साथ तो जरूर रहे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल सकी। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद यह दूसरा मौका है जब वह पूरी सीरीज़ टीम के साथ रहकर भी मैदान पर उतरने का मौका नहीं पा सके। घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बना रहे अभिमन्यु का सपना अब भी अधूरा है।
तीन साल से अधिक समय से भारतीय टेस्ट टीम के साथ जुड़े होने के बावजूद उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिलना, न सिर्फ प्रशंसकों को खल रहा है, बल्कि अब उनके पिता भी खुलकर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर कर रहे हैं।
साल गिन रहा हूं, दिन नहीं…पिता का छलका दर्द
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में अभिमन्यु के पिता ने अपने बेटे की लगातार अनदेखी पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “मैं अभिमन्यु के टेस्ट डेब्यू के लिए दिन नहीं, बल्कि साल गिन रहा हूं। तीन साल हो गए हैं। एक खिलाड़ी का काम रन बनाना होता है, और अभिमन्यु ने यही किया है।”
उन्होंने कहा कि जब लोग ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाते हैं, तो यह भूल जाते हैं कि बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ से पहले अभिमन्यु लगातार रन बना रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि करुण नायर को दलीप ट्रॉफी और ईरानी कप में भी जगह नहीं दी गई थी, फिर भी उन्हें टीम इंडिया में मौका मिल गया।
चयन घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन पर हो
अभिमन्यु के पिता ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर चयन का पैमाना क्या है? उन्होंने कहा, “अभिमन्यु ने पिछले एक साल में करीब 864 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ करुण नायर ने भी करीब 800 रन बनाए और उन्हें टीम में मौका मिला, ये ठीक है। चयनकर्ताओं ने उस पर भरोसा जताया, लेकिन मेरे बेटे का क्या?”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि आजकल कुछ खिलाड़ी सिर्फ आईपीएल के प्रदर्शन के आधार पर टेस्ट टीम में शामिल हो जाते हैं, जो सरासर गलत है। टेस्ट टीम के चयन के लिए रणजी ट्रॉफी, ईरानी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंटों के प्रदर्शन को ही प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
अब क्या भविष्य देगा मौका?
अभिमन्यु ईश्वरन के टेस्ट डेब्यू को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वह हर दौरे पर टीम का हिस्सा तो रहते हैं, लेकिन प्लेइंग इलेवन से बाहर। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आने वाले समय में चयनकर्ता घरेलू क्रिकेट के इस भरोसेमंद बल्लेबाज को वह सम्मान देंगे, जिसका वह लंबे समय से इंतज़ार कर रहा है।