शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच केनिंग्टन ओवल में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। गिल ने भले ही पहली पारी में सिर्फ 11 रन बनाए हों, लेकिन इसी स्कोर के साथ उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड तोड़ दिया जो पिछले 47 साल से बरकरार था। दरअसल, शुभमन गिल अब एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं।
गावस्कर का 47 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
गिल ने जैसे ही इस टेस्ट में 11 रन पूरे किए, उनके इस इंग्लैंड दौरे में कुल रन 733 हो गए। इसी के साथ उन्होंने महान बल्लेबाज़ सुनील गावस्कर का 1978-79 में बनाया गया रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। गावस्कर ने उस समय वेस्टइंडीज़ के खिलाफ 732 रन बनाए थे। यह रिकॉर्ड पिछले 47 साल से अटूट था, जिसे गिल ने इस सीरीज़ में शानदार फॉर्म के दम पर तोड़ दिया।
गिल की बल्लेबाज़ी इस सीरीज़ में लगातार चर्चा में रही है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी टीम को संभाला और बड़े स्कोर खड़े किए। उनकी तकनीक और धैर्य की जमकर सराहना हो रही है।
विराट कोहली को भी छोड़ा पीछे
गिल ने सिर्फ गावस्कर ही नहीं, बल्कि मौजूदा दौर के सबसे सफल भारतीय टेस्ट कप्तानों में शुमार विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है। विराट ने 2016-17 में इंग्लैंड के खिलाफ 655 रन बनाए थे, जो उस समय एक सीरीज में किसी भारतीय कप्तान द्वारा बनाया गया बड़ा स्कोर था।
इतना ही नहीं, विराट कोहली का नाम एक टेस्ट सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तानों की टॉप-5 सूची में तीन बार आ चुका है। उन्होंने 2017-18 में श्रीलंका के खिलाफ 610 और 2018 में इंग्लैंड के ही खिलाफ 593 रन बनाए थे। लेकिन अब गिल ने अपने शानदार प्रदर्शन से इन सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है।
भारत को गिल से उम्मीदें
गिल की यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व की बात है। बतौर कप्तान यह उनका पहला बड़ा विदेशी दौरा है और उन्होंने इसे ऐतिहासिक बना दिया है। अब देखना होगा कि क्या वह इस सीरीज़ को जीत के साथ समाप्त कर पाते हैं या नहीं। लेकिन व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो गिल ने खुद को भारतीय टेस्ट क्रिकेट के नए सितारे के रूप में स्थापित कर दिया है।