टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज़ का तीसरा मैच लॉर्ड्स में खेला गया, जहां भारत को हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को 22 रनों से हरा दिया। अब इंग्लिश टीम सीरीज़ में 2-1 की बढ़त के साथ आगे चल रही है। तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया चौथे दिन तीसरे सेशन तक मैच में बनी रही, लेकिन जैसे ही टीम इंडिया ने बल्लेबाज़ी शुरू की, वैसे ही मैच इंग्लैंड की तरफ़ जाने लगा, क्योंकि टीम के एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि टीम इंडिया यह आसान सा दिखने वाला मैच क्यों हार गई?
चौथे दिन जब टीम इंडिया का तीसरा विकेट गिरा, तो विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को बल्लेबाज़ी के लिए आना था, लेकिन आकाश दीप को बल्लेबाज़ी के लिए भेजा गया। उम्मीद थी कि आकाश दीप बिना चौथा विकेट खोए चौथे दिन का खेल ख़त्म कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आकाश दीप को इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने अपना शिकार बनाया। अगर उनकी जगह कोई बल्लेबाज़ होता, तो वह अपना विकेट बचा लेता और टीम इंडिया के पांचवें दिन 7 विकेट बचे होते। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। तो चलिए जानते हैं क्या है भारत की 5 बड़ी गलतियां…
अतिरिक्त रन भारी
टीम इंडिया की हार की मुख्य वजह उसके द्वारा इंग्लिश टीम को दिए गए अतिरिक्त रन हैं। भारतीय टीम ने दोनों पारियों में कुल 63 अतिरिक्त रन दिए। वहीं, इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में सिर्फ 30 रन दिए। टीम इंडिया यह मैच 22 रनों से हार गई। यही वजह है कि इंग्लिश टीम ने यह मैच आसानी से जीत लिया।
पहली पारी के वो 4 विकेट
पहली पारी में इंग्लैंड ने भारत के सामने 387 रन बनाए थे। वहीं, टीम इंडिया ने भी अपनी पहली पारी में इतने ही 387 रन बनाए थे। लेकिन टीम इंडिया अपनी पहली पारी में आसानी से 400 से ज़्यादा का स्कोर बना सकती थी। लेकिन भारत ने पहली पारी में आखिरी 4 विकेट सिर्फ 11 रन के अंदर ही गंवा दिए। कुल मिलाकर, टीम इंडिया के पुछल्ले बल्लेबाज़ों ने पहली पारी में रनों में लगभग कोई योगदान नहीं दिया।
केएल राहुल फ़ील्डिंग में नाकाम
केएल राहुल ने लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार बल्लेबाज़ी की, लेकिन फील्डिंग के दौरान उनसे एक बड़ी गलती हो गई। राहुल ने इंग्लैंड की पारी के दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज़ जेमी स्मिथ का कैच छोड़ दिया। उस समय स्मिथ सिर्फ 5 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने इसका फायदा उठाया और कुल 46 रन और जोड़े। जिसके बाद वह 51 रन बनाने में कामयाब रहे। जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने पहली पारी में भारत के खिलाफ 387 रन बनाए।
ऋषभ पंत का रन आउट
पहली पारी में ऋषभ पंत का रन आउट होना भी टीम इंडिया की हार का एक मुख्य कारण रहा। पहली पारी में 74 रन बनाने के बाद केएल राहुल को शतक बनाने के प्रयास में वह रन आउट हो गए। वह चाहते तो आसानी से अपना शतक पूरा कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इससे टीम इंडिया के स्कोर बोर्ड को काफी नुकसान हुआ।
शुभमन गिल की बल्लेबाजी
इसके अलावा टीम इंडिया की हार की वजह कप्तान शुभमन गिल की बल्लेबाजी भी रही। वह टीम इंडिया के कप्तान हैं और सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं। एजबेस्टन और लीड्स टेस्ट में उन्होंने ऐसा करके दिखाया भी। लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट में उनका बल्ला दोनों ही पारी में पूरी तरह खामोश रहा। उन्होंने इस मैच की पहली पारी में 16 और दूसरी पारी में सिर्फ 6 रन बनाए।