टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेली जा रही है। इस सीरीज के अब तक तीन मैच खेले जा चुके हैं, जहा अंग्रेज हमसे 2-1 से आगे चल रहे हैं। अब इस सीरीज़ का चौथा मैच 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। लेकिन, ये मुकाबला आसान नहीं होने वाला है। क्योंकि, भारत का ओल्ड ट्रैफर्ड में रिकॉर्ड डराने वाला है। हालांकि, शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इतिहास रच सकती है।
चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। इस मैच को जीतकर इंग्लैंड की टीम सीरीज़ जीतने की कोशिश करेगी। वहीं, भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज़ बचाने की कोशिश करेगी। शुभमन गिल भी इस मैच को जीतकर इतिहास रच सकते हैं।
IND vs ENG: मैनचेस्टर में डराने वाला भारत का रिकॉर्ड
दरअसल, गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम को मैनचेस्टर में होने वाला चौथा टेस्ट हर हाल में जीतना होगा। वरना टीम सीरीज़ हार जाएगी। हालांकि, भारत के लिए यह राह इतनी आसान नहीं होने वाली है। क्योंकि, मैनचेस्टर में भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहद खराब है। इतना खराब कि आप इसी बात से अंदाजा लगा सकते हैं कि टीम इंडिया इस मैदान पर एक भी मैच नहीं जीत पाई है।
IND vs ENG: भारत एक भी मैच नहीं जीत सका
ओल्ड ट्रैफर्ड के इस मैदान पर भारत ने पहली बार 1936 में टेस्ट मैच खेला था, जो ड्रॉ रहा था। भारतीय टीम ने अब तक यहाँ कुल नौ टेस्ट खेले हैं, जिनमें उसे एक भी मैच में जीत नहीं मिली है। भारतीय टीम ने सभी मैच इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर के मैदान पर खेले हैं। जिनमें से उसे चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, पाँच मैच ड्रॉ रहे।
IND vs ENG: कप्तान गिल रचेंगे इतिहास
भारतीय टीम इस मैदान पर पहली जीत की तलाश में होगी। अगर कप्तान शुभमन गिल टीम को जीत दिलाने में कामयाब होते हैं, तो वह इतिहास रच देंगे। वह इस मैदान पर जीत दर्ज करने वाले पहले भारतीय कप्तान बन जाएँगे। साथ ही, वह कई रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे।
IND vs ENG: इंग्लैंड का शानदार रिकॉर्ड
ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। इंग्लैंड की टीम ने अब तक इस मैदान पर 84 टेस्ट खेले हैं। इस दौरान इंग्लैंड ने 33 मैच जीते हैं। जबकि 15 हारे हैं। इंग्लैंड ने इस मैदान पर 36 मैच ड्रॉ कराए हैं। ऐसे में इस मैदान पर इंग्लैंड का पलड़ा भारी है।