रोहित शर्मा और विराट कोहली (सोर्स- सोशल मीडिया)
ICC ODI Rankings: भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली और रोहित शर्मा एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा का कारण है आईसीसी की ताज़ा वनडे रैंकिंग, जिसमें इन दोनों दिग्गजों का नाम तक शामिल नहीं है। बुधवार को जारी हुई रैंकिंग में रोहित और विराट टॉप-100 से भी बाहर हो गए, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों में हैरानी और चिंता की लहर दौड़ गई।
रैंकिंग से बाहर हुए विराट और रोहित
अब तक वनडे रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल रहे विराट कोहली और रोहित शर्मा का अचानक गायब हो जाना क्रिकेट जगत के लिए चौंकाने वाला रहा। ताज़ा रैंकिंग अपडेट से पहले रोहित शर्मा दूसरे और विराट कोहली चौथे स्थान पर थे। ऐसे में उनका एक झटके में टॉप-100 से बाहर हो जाना न केवल असामान्य है, बल्कि इससे उनके वनडे भविष्य को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं।
संन्यास की अटकलें
दोनों खिलाड़ी पहले ही टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं और केवल वनडे फॉर्मेट में सक्रिय हैं। इसलिए जैसे ही रैंकिंग से उनका नाम हटा, यह अटकलें तेज हो गईं कि क्या वे वनडे से भी संन्यास लेने वाले हैं? हालांकि, इस संबंध में बीसीसीआई या आईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रैंकिंग से विराट और रोहित का हटना किसी तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम हो सकता है। आईसीसी के नियमों के अनुसार, यदि कोई खिलाड़ी एक वर्ष से अधिक समय तक वनडे नहीं खेलता या संन्यास की घोषणा करता है, तभी उसे रैंकिंग से हटाया जाता है। लेकिन विराट और रोहित ने इसी साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लिया था, जिससे यह साफ है कि वे नियम के अनुसार अयोग्य नहीं हुए हैं।
गिल और अय्यर को हुआ बड़ा फायदा
इस पूरी स्थिति का सबसे बड़ा लाभ शुभमन गिल को मिला है, जो अब वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुँच गए हैं। गिल ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे उन्हें यह मुकाम हासिल हुआ है। इसके अलावा, श्रेयस अय्यर को भी रैंकिंग में दो स्थान का फायदा हुआ है और वे अब छठे स्थान पर आ गए हैं।
बाबर आज़म का विवादित स्थान
दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के बाबर आज़म, जो हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे पर फ्लॉप रहे थे, फिर भी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। इससे भी यह संकेत मिलता है कि आईसीसी की रैंकिंग में कुछ तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है।