टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एसीसी एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है और इस बार टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में किया जा रहा है। मौजूदा चैंपियन भारत इस टूर्नामेंट में अपने खिताब को बचाने के इरादे से उतरेगा। हालांकि, अन्य टीमें एशिया कप से पहले टी20 सीरीज़ खेल रही हैं, वहीं भारत की टी20 टीम लगभग 6 महीने बाद मैदान में वापसी करेगी। ऐसे में खिलाड़ियों की फॉर्म और तालमेल को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
यूएई में टीम इंडिया का प्रदर्शन
टीम इंडिया ने यूएई की धरती पर अब तक दो बड़े टी20 टूर्नामेंट खेले हैं टी20 वर्ल्ड कप 2021 और एशिया कप 2022। 2021 में भारत ने यूएई में 5 मुकाबले खेले, जिनमें से 3 में जीत हासिल की जबकि 2 मैचों में हार मिली। ये दो हार पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ थीं, जिनकी वजह से भारत नॉकआउट में भी नहीं पहुंच पाया।
2022 के एशिया कप में भी यही कहानी दोहराई गई। टीम इंडिया ने 5 मुकाबले खेले, लेकिन इस बार भी पाकिस्तान के हाथों हार झेलनी पड़ी और एक और हार अपेक्षाकृत कमजोर श्रीलंका के खिलाफ आई। इन दोनों ही टूर्नामेंट में टीम इंडिया ग्रुप स्टेज से आगे नहीं जा सकी, जो चिंता का विषय है।
पाकिस्तान के खिलाफ यूएई में शर्मनाक रिकॉर्ड
भारतीय टीम का पाकिस्तान के खिलाफ यूएई में टी20 फॉर्मेट में रिकॉर्ड खास अच्छा नहीं रहा है। दोनों टीमों ने यूएई में अब तक 3 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें भारत को 2 बार हार का सामना करना पड़ा है और सिर्फ 1 बार ही जीत मिल सकी है। अब एक बार फिर 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर होगी, जिसमें भारतीय टीम अपने पुराने रिकॉर्ड को सुधारने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी से उम्मीदें
इस बार टीम इंडिया की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं और उनके नेतृत्व में टीम ने हाल के समय में अच्छा प्रदर्शन किया है। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण से सजी यह टीम खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। हालांकि, यूएई में पिछली असफलताओं को ध्यान में रखते हुए भारत को हर मैच में रणनीतिक रूप से बेहतर खेल दिखाना होगा।