अर्शदीप सिंह (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से होने जा रही है। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, यूएई, हांगकांग, ओमान और नेपाल इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगी।
अर्शदीप सिंह के पास इतिहास रचने का मौका
इस टूर्नामेंट के पहले मैच में अगर तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वह एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। अर्शदीप अब तक 63 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 99 विकेट ले चुके हैं। अगर वह यूएई के खिलाफ सिर्फ़ एक और विकेट लेते हैं, तो वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज़ बन जाएंगे। इससे पहले कोई भी भारतीय गेंदबाज़ यह कारनामा नहीं कर सका है।
टीम इंडिया का ग्रुप स्टेज कार्यक्रम
भारत को ग्रुप स्टेज में तीन मुकाबले खेलने हैं। पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ होगा। इसके बाद क्रिकेट फैंस का सबसे बड़ा मुकाबला 14 सितंबर को देखने को मिलेगा, जब भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला भारत 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ खेलेगा। इन तीन मुकाबलों के प्रदर्शन के आधार पर ही टीम का सुपर-4 में पहुँचना तय होगा।
भारतीय टीम की स्क्वाड का ऐलान हो चुका है
एशिया कप के लिए बीसीसीआई ने टीम इंडिया की स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। सूर्यकुमार यादव को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। टीम में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह शामिल हैं।
एशिया कप 2025 का टूर्नामेंट फॉर्मेट
इस बार एशिया कप में 8 टीमों को दो ग्रुपों में बाँटा गया है। हर ग्रुप में चार टीमें होंगी। ग्रुप स्टेज के बाद, हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर-4 में प्रवेश करेंगी। सुपर-4 की टॉप दो टीमें 28 सितंबर को फाइनल में आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट का यह नया प्रारूप रोमांच को और भी बढ़ाएगा।