आंद्रे रसेल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Andre Russell Retire: वेस्टइंडीज के विस्फोटक ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। हालांकि यह संन्यास तुरंत प्रभाव से लागू नहीं होगा। रसेल अपने घरेलू मैदान जमैका के सबीना पार्क में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के बाद विदाई लेंगे। ये दोनों मुकाबले क्रमश: 20 और 22 जुलाई 2025 को खेले जाएंगे।
Andre Russell Retire: 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले संन्यास
रसेल का यह फैसला वेस्टइंडीज क्रिकेट के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि यह संन्यास टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक सात महीने पहले आया है। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में फरवरी 2026 में आयोजित किया जाएगा। वेस्टइंडीज की टी20 टीम में अपनी ताकत और अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले रसेल ने इस प्रारूप में टीम को कई बार जीत दिलाई है।
Andre Russell Retire: टी20 में चमकाया करियर
37 वर्षीय रसेल 2019 से केवल टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में सक्रिय थे। उन्होंने अब तक इस फॉर्मेट में 84 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें 73 पारियों में 1078 रन बनाए और 61 विकेट भी हासिल किए। उनका बल्लेबाजी औसत 22.00 और स्ट्राइक रेट 163.09 का रहा। उन्होंने टी20 करियर में 3 अर्धशतक भी जड़े हैं।
Andre Russell Retire: टेस्ट और वनडे में सीमित रहा योगदान
इसके अलावा, उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 1 टेस्ट और 56 वनडे मैच भी खेले हैं, लेकिन पिछले छह वर्षों से वह केवल टी20 में ही टीम का हिस्सा थे।
Andre Russell Retire: संन्यास पर भावुक हुए रसेल
ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बात करते हुए आंद्रे रसेल ने अपने संन्यास को लेकर भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा, “शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता कि इसका क्या मतलब था। वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन की सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक रहा है। जब मैं बच्चा था, तो मुझे इस मुकाम तक पहुंचने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन खेल से प्यार होने के बाद मुझे लगा कि मैं कुछ बड़ा कर सकता हूँ।”
उन्होंने आगे कहा- “मुझे वेस्टइंडीज के लिए खेलना हमेशा पसंद रहा। खासतौर पर अपने परिवार और दोस्तों के सामने घर पर खेलने का अनुभव बहुत खास होता है। मैं चाहता हूं कि मेरा विदाई मैच यादगार हो और मैं अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा बन सकूं।”
Andre Russell Retire: ऑलराउंड प्रदर्शन के कायल हैं फैंस
आंद्रे रसेल ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई है। उनका अंतरराष्ट्रीय सफर भले ही अब अंतिम पड़ाव पर हो, लेकिन उनका योगदान क्रिकेट जगत में हमेशा याद किया जाएगा।