बिजली (फोटो-सोशल मीडिया)
Jharkhand: झारखंड के पलामू जिले में आकाशीय बिजली कहर बनकर गिर रही है। मंगलवार के दिन बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और उसकी बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस बारे में पुलिस की तरफ से भी जानकारी मुहैया कराई गई है। बिजली गिरने की पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव में हुई है।
जहां पर 60 वर्षीय सरस्तिया देवी अपनी बेटी रूपा कुमारी (21) के साथ घर के बरामदे में बैठी थीं, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गई।इस घटना में दोनों की मौत हो गई और उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सरस्तिया के पति गुडन सिंह भी घायल हो गए जो कि घटना के वक्त घर के अंदर थे, उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी घटना रेहला थाना क्षेत्र में हुई जहां बिजली गिरने से एक बुजुर्ग शख्स की मौत हो गई।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसकी पहचान की जा रही है। मंगलवार को मानसून की दस्तक के साथ ही झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हुईं। मौसम विभाग ने 18 और 19 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड’ अलर्ट जारी किया है और लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।