बाबा भोलेनाथ में मंदिरों में भक्तों की भीड़ (सोर्स- सोशल मीडिया)
Sawan Somwar 2025: आज 14 जुलाई को सावन का पहला सोमवार है। इस अवसर पर शिव मंदिरों में भोर होते ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। शिव मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। शिव मंदिरों और सड़कों पर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी और अरुणाचल से गुजरात तक भक्त शिव भक्ति में लीन हैं।
एक ओर जहां भोले के भक्त कश्मीर की बर्फीली चोटियों से होते हुए अमरनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सावन के पहले सोमवार के अवसर पर काँवड़िये और शिव भक्त शिव मंदिरों में पहुँचकर भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं। चारों ओर शिव-शिव शंभू की गूंज सुनाई दे रही है।
बाबा विश्वनाथ के अभिषेक के लिए उमड़े भक्त
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में सावन के पहले सोमवार पर विशेष मंगला आरती की गई। वहीं, बाबा विश्वनाथ के भक्त रात से ही गंगा स्नान के बाद दर्शन-पूजन और आराधना के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। दशाश्वमेध घाट से मंदिर तक भक्तों की लंबी कतार लगी हुई है।
महाकाल मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
पवित्र सावन माह के पहले सोमवार को उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में विशेष भस्म आरती की जा रही है। वहीं, महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े हैं। मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पशुपतिनाथ का अद्भुत श्रृंगार
इसी तरह, देश के अन्य ज्योतिर्लिंग मंदिरों और सभी छोटे-बड़े शिव मंदिरों में शिव शंभू के भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। इतना ही नहीं, देश के बाहर नेपाल के काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचे हैं। इस अवसर पर ‘बाबा’ का अद्भुत श्रृंगार किया गया है।
देश के हर कोने में भोलेनाथ की जय-जयकार
इसी तरह, देश के कोने-कोने में छोटे से छोटे शिव मंदिरों में भी भक्तों का तांता लगा हुआ है। सावन के सोमवार के अवसर पर भोले के भक्त हर-हर, बम-बम का जयकारा लगाते हुए शिव शंभू का जलाभिषेक करने पहुँच रहे हैं। और ये सिलसिला सिर्फ़ आज शाम तक ही नहीं, बल्कि पूरे सावन महीने तक जारी रहने वाला है।