Sawan Somwar: आज सावन मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि है, जो हिंदू पंचांग के अनुसार एक बेहद शुभ दिन माना जाता है। इस दिन दो पवित्र पर्व आंडाल जयंती और विनायक चतुर्थी मनाए जाते हैं। इसके साथ ही आज सावन का तीसरा सोमवार भी है, जिसे भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित माना जाता है। भक्तगण इस दिन व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा करते हैं और सुख, शांति व समृद्धि की कामना करते हैं।
शिव भक्तों के लिए विशेष महत्व का दिन
सावन का हर दिन शिव उपासकों के लिए पावन होता है, लेकिन सोमवार का विशेष महत्व है। इस दिन को ‘सावन सोमवार व्रत’ के रूप में मनाया जाता है। भक्तगण विशेष रूप से शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं और व्रत रखते हैं। ऐसा माना जाता है कि सावन सोमवार के दिन व्रत रखने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों की मनोकामनाएँ पूरी करते हैं।
अविवाहित कन्याओं के लिए शुभ माने जाते हैं सावन सोमवार
सावन सोमवार का व्रत सिर्फ़ विवाहित स्त्रियां ही नहीं, बल्कि अविवाहित लड़कियाँ भी पूरे श्रद्धा-भाव से रखती हैं। उनका विश्वास होता है कि इस व्रत से उन्हें मनचाहा जीवनसाथी प्राप्त होता है। इस दिन शिव-पार्वती की पूजा, मंत्रजाप, ध्यान और आरती करना विशेष फलदायी माना जाता है।
भगवान शिव की पूजा विधि
- सुबह ब्रह्म मुहूर्त में उठें और स्नान करें।
- शुद्ध हरे या लाल वस्त्र पहनें।
- हाथ में जल लेकर व्रत का संकल्प लें।
- नजदीकी शिव मंदिर जाएँ और सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करें।
- फिर भगवान शिव और माता पार्वती को पुष्प, बेलपत्र, धतूरा, फल और मिठाई अर्पित करें।
- शिवलिंग पर जल या दूध चढ़ाएँ और घी का दीपक जलाकर आरती करें।
- इस दौरान शिव मंत्रों का जाप करना अति शुभ होता है।
सावन सोमवार व्रत के नियम और सावधानियां
इस पावन व्रत के दिन झूठ बोलने, क्रोध करने और किसी की निंदा करने से बचना चाहिए। साथ ही भगवान शिव को तुलसी पत्र चढ़ाना वर्जित माना गया है। दिनभर सात्विक भोजन करें और संयमित जीवनशैली अपनाएँ।
इन शिव मंत्रों का जाप अवश्य करें
- ॐ नमः शिवाय
- महामृत्युंजय मंत्र
- ॐ शंकराय नमः
- ॐ रुद्राय नमः
- ॐ पाशुपतये नमः
- ॐ ईशानाय नमः
- ॐ नीलकंठाय नमः
- ॐ कैलाशनाथाय नमः
- ॐ भोलानाथाय नमः
शुभ फल की प्राप्ति के लिए श्रद्धा से करें पूजा
श्रावण मास का यह तीसरा सोमवार शिव भक्तों के लिए अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। इस दिन की गई पूजा, व्रत और मंत्रजाप भक्तों को मानसिक शांति, पारिवारिक सुख और आध्यात्मिक बल प्रदान करता है।