गणेश चतुर्थी 2025 (सोर्स- सोशल मीडिया)
Ganesh Chaturthi 2025: हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को बड़े धूमधाम से मनाया जाने वाला गणेश उत्सव इस बार 27 अगस्त 2025, बुधवार से शुरू होगा। यह पर्व भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में माना जाता है और उनकी पूजा-अर्चना से सभी विघ्न दूर होते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जिनकी कुंडली में राहु-केतु दोष होता है, उन्हें जीवन में कई परेशानियों और बाधाओं का सामना करना पड़ता है। इस गणेश चतुर्थी पर कुछ खास ज्योतिषीय उपाय अपनाकर इस दोष से मुक्ति पाई जा सकती है।
भगवान गणेश और भगवान शिव की पूजा करें
राहु-केतु दोष से राहत पाने के लिए गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश की विधिपूर्वक पूजा अत्यंत शुभ होती है। खासतौर पर गणेश जी को दूर्वा अर्पित करने से केतु दोषों का निवारण होता है क्योंकि गणेश को केतु का देवता माना जाता है। इसके साथ ही भगवान शिव की पूजा और रुद्राभिषेक करवाना भी लाभकारी माना गया है। ऐसा कहा जाता है कि भगवान शिव की आराधना से राहु-केतु दोष कम होता है और मानसिक शांति मिलती है।
राहु-केतु दोष के लिए जाप करें ये मंत्र
ज्योतिषियों के अनुसार, राहु और केतु बीज मंत्रों का जाप करने से दोष शांत होते हैं। राहु दोष के लिए “ॐ रां राहवे नमः” मंत्र का जाप करें और केतु दोष के लिए “ॐ स्रां श्रीं स्रौं सः केतवे नमः” मंत्र का नियमित उच्चारण लाभकारी रहता है। इसके अलावा महामृत्युंजय मंत्र का जाप भी राहु-केतु दोष को शांत करने में मदद करता है।
दान और सामाजिक सेवा करें
राहु-केतु दोष दूर करने के लिए दान करना भी बहुत महत्वपूर्ण है। विशेष रूप से शनिवार के दिन काले तिल, लोहा या नीले वस्त्र दान करना शुभ माना जाता है। इसके अलावा मंदिरों में सफेद फूल चढ़ाएं और गली के आवारा कुत्तों को भोजन कराएं। गरीबों को भोजन कराना और समाज सेवा करना राहु-केतु दोषों को कम करता है।
सफेद चंदन का तिलक
राहु-केतु दोष से मुक्ति पाने के लिए स्नान के बाद माथे या कंठ पर सफेद चंदन का तिलक लगाना चाहिए। इसके साथ ही मांसाहार, मदिरा से दूर रहकर सात्विक भोजन करना चाहिए। इससे न केवल दोष शांत होते हैं बल्कि जीवन में शांति और समृद्धि भी आती है।
गणेश पंचरत्नम और दुर्गा चालीसा का जाप
गणेश पंचरत्नम मंत्र और दुर्गा चालीसा का जाप करना भी राहु-केतु दोषों से राहत दिलाने में सहायक माना जाता है। ये मंत्र मानसिक तनाव को कम करते हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
गणेश चतुर्थी 2025 के पावन अवसर पर ये उपाय अपनाकर आप राहु-केतु दोषों से मुक्ति पा सकते हैं और जीवन में सुख-शांति, समृद्धि ला सकते हैं। भगवान गणेश और शिव की कृपा से सभी बाधाएं दूर हों और मनोकामनाएं पूर्ण हों, यही शुभकामनाएं हैं।