एमएस धोनी (सोर्स- सोशल मीडिया)
MS Dhoni: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है। नए खिलाड़ियों की एंट्री, कप्तानी में बदलाव और कोचिंग स्टाफ में फेरबदल ने टीम का चेहरा बदला है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि बीसीसीआई ने भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी को टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया का मेंटोर बनाने का प्रस्ताव दिया है। अगर यह सच साबित होता है, तो धोनी एक बार फिर टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बन सकते हैं।
धोनी को बीसीसीआई का प्रस्ताव
क्रिकेट से जुड़ी वेबसाइट क्रिकब्लॉगर की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई चाहता है कि धोनी अपने अनुभव और रणनीतिक सोच से टीम की मदद करें। बोर्ड का मानना है कि धोनी जैसे खिलाड़ी की मौजूदगी युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाएगी और बड़े टूर्नामेंटों में टीम को मानसिक मज़बूती मिलेगी। हालांकि, यह भी कहा जा रहा है कि धोनी इस प्रस्ताव को ठुकरा सकते हैं। इसका एक कारण यह बताया जा रहा है कि वर्तमान हेड कोच गौतम गंभीर और धोनी के रिश्ते बहुत अच्छे नहीं हैं।
गंभीर-धोनी के रिश्ते
गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनी के बीच रिश्ते हमेशा से औपचारिक रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों ने भारत को 2007 का टी20 वर्ल्ड कप और 2011 का वनडे वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन उनके बीच आपसी तालमेल को लेकर अटकलें हमेशा लगती रही हैं। बीसीसीआई को इस बात की चिंता है कि कहीं धोनी की एंट्री ड्रेसिंग रूम का संतुलन न बिगाड़ दे। बावजूद इसके बोर्ड का मानना है कि अगर धोनी और गंभीर मिलकर काम करें, तो टीम इंडिया को खिताब बचाने में बड़ी मदद मिल सकती है।
टी20 वर्ल्ड कप 2021 में धोनी थे मेंटर
यह पहली बार नहीं है जब धोनी को टीम इंडिया के साथ मेंटर के रूप में जोड़ा जा रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2021 में भी धोनी मेंटर थे, लेकिन तब भारतीय टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। उस अनुभव के बाद बीसीसीआई ने फिर से धोनी को मेंटर बनाने का विचार नहीं किया। लेकिन अब जब टीम युवा खिलाड़ियों से भरी है और कई वरिष्ठ खिलाड़ी संन्यास ले चुके हैं, तो धोनी की मौजूदगी निर्णायक साबित हो सकती है।
Also Read This: RCB का बड़ा ऐलान, बेंगलुरु भगदड़ में मरने वाले लोगों के परिवार को देंगे इतने लाख
आईपीएल में आखिरी बार दिखेंगे धोनी?
धोनी के भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। फैंस को उम्मीद है कि वह आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आखिरी बार मैदान में उतरेंगे। ऐसे में उनके मेंटर बनने की संभावनाओं पर भी उनका निर्णय काफी कुछ निर्भर करेगा। अगर वह आईपीएल के बाद क्रिकेट से संन्यास लेते हैं, तो उन्हें टीम इंडिया के साथ मेंटर की भूमिका निभाने से कोई परहेज नहीं हो सकता।