भारत ने चीन को हराया (सोर्स- हॉकी इंडिया-एक्स)
Hockey Asia Cup 2025: बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में हॉकी एशिया कप 2025 की शानदार शुरुआत हुई। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण किया। भारत ने अपने पहले मुकाबले में चीन को 4-3 से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की। इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाते हुए तीन गोल किए और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, जुगराज सिंह ने एक गोल दागा।
पहले क्वार्टर में चीन ने ली बढ़त
मैच की शुरुआत भारत ने आक्रामक तरीके से की। एक बार गेंद को गोल पोस्ट में डाल भी दिया गया, लेकिन रेफरी ने तीसरे अंपायर की मदद से उसे फाउल करार दिया। इसके बाद चीन ने वापसी की और डु शिहाओ के ड्रैग फ्लिक गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली।
दूसरे क्वार्टर में भारत की वापसी
दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। हरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह ने ड्रैग फ्लिक के जरिए दो बेहतरीन गोल किए और भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम मजबूत स्थिति में थी।
तीसरे क्वार्टर में बराबरी पर पहुंचा मुकाबला
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में हरमनप्रीत ने अपना दूसरा गोल कर भारत को 3-1 की बढ़त दिलाई, लेकिन चीन ने जोरदार वापसी करते हुए चेन बेनहाई और गाओ जियाशेंग के गोल से स्कोर 3-3 कर दिया। इस क्वार्टर में चीन ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाए रखा और तेजी से काउंटर अटैक किए।
चौथे क्वार्टर में भारत की निर्णायक बढ़त
निर्णायक चौथे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक और ड्रैग फ्लिक पर गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने मजबूत प्रदर्शन किया और चीन को कोई और गोल करने का मौका नहीं दिया।
Also Read This: Asia Cup 2025 के लिए कब दुबई रवाना होगी टीम इंडिया? मिल गया बड़ा अपडेट
सभी गोल ड्रैग फ्लिक से हुए
मैच की खास बात यह रही कि दोनों टीमों के सभी सातों गोल ड्रैग फ्लिक से किए गए, जो दर्शाता है कि दोनों टीमों की पेनल्टी कॉर्नर पर पकड़ मजबूत रही।
पूल स्टेज की स्थिति
भारत और चीन पूल ए में जापान और कजाकिस्तान के साथ शामिल हैं। वहीं, पूल बी में पांच बार की चैंपियन दक्षिण कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे जैसी टीमें हैं।