आर अश्विन (सोर्स- सोशल मीडिया)
R Ashwin: भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास ले लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “आज मेरा आईपीएल करियर भी खत्म हो रहा है।” इस ऐलान के साथ उन्होंने आईपीएल में अपने 16 साल लंबे सफर को विराम दे दिया। इससे पहले, अश्विन दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे।
2009 में शुरू हुआ था आईपीएल सफर
अश्विन ने 2009 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए आईपीएल में पदार्पण किया था। पहले सीज़न में उन्हें केवल 2 मैच खेलने का मौका मिला, लेकिन इसके बाद वह टीम के अहम सदस्य बनते चले गए। अपने करियर में उन्होंने कुल 5 आईपीएल टीमों का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और दोबारा चेन्नई सुपर किंग्स शामिल हैं।
सीएसके के साथ आखिरी सीज़न
आईपीएल 2025 में अश्विन की चेन्नई सुपर किंग्स में वापसी हुई थी। इस सीज़न में उन्होंने 9 मैच खेले और 7 विकेट झटके। यह उनका आखिरी आईपीएल सीज़न साबित हुआ, जिसके बाद उन्होंने आधिकारिक रूप से संन्यास की घोषणा कर दी।
संन्यास के बाद नई शुरुआत की ओर इशारा
अश्विन ने अपने संन्यास पोस्ट में लिखा, “कहते हैं हर अंत की एक नई शुरुआत होती है। एक आईपीएल क्रिकेटर के तौर पर मेरा समय आज खत्म हो रहा है, लेकिन अलग-अलग लीगों में खेल के एक अन्वेषक के तौर पर मेरा समय आज से शुरू हो रहा है।” इस बयान से यह संकेत भी मिल रहा है कि वह भविष्य में अन्य टी20 लीगों में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
हर टीम के लिए निभाई अहम भूमिका
अश्विन ने आईपीएल करियर में अलग-अलग टीमों के लिए उपयोगी प्रदर्शन किया। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 106 मैचों में 97 विकेट, राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के लिए 14 मैचों में 10 विकेट, पंजाब किंग्स के लिए 28 मैचों में 25 विकेट, दिल्ली कैपिटल्स के लिए 28 मैचों में 20 विकेट और राजस्थान रॉयल्स के लिए 45 मैचों में 35 विकेट लिए।
कुल आंकड़े और अंतरराष्ट्रीय करियर
221 आईपीएल मैचों में 187 विकेट लेने वाले अश्विन ने न सिर्फ फ्रेंचाइजी क्रिकेट में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी खास पहचान बनाई। उन्होंने भारत के लिए 106 टेस्ट में 537 विकेट, 116 वनडे में 156 विकेट और 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 72 विकेट चटकाए।