बीसीसीआई और टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: भारत सरकार द्वारा संसद में हाल ही में पारित किया गया ऑनलाइन गेमिंग बिल 2025 अब भारतीय क्रिकेट पर बड़ा असर डालने जा रहा है। इस बिल के चलते ड्रीम11 जैसे फैंटेसी गेमिंग ऐप्स पर प्रतिबंध लग सकता है, जिससे न सिर्फ बीसीसीआई को बल्कि टीम इंडिया के कई स्टार खिलाड़ियों को भी बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
ड्रीम11 का टीम इंडिया से टूटा पुराना नाता
ड्रीम11, जो एक समय टीम इंडिया की जर्सी का प्रमुख स्पॉन्सर था, अब सरकारी फैसले की वजह से क्रिकेट से दूर होता नजर आ रहा है। करीब एक साल पहले ही यह डील सरकार के निर्देशों के चलते समाप्त हो चुकी थी। अब जब सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग को लेकर सख्त कदम उठाया है, तो यह संभावना और भी मजबूत हो गई है कि ड्रीम11 और ऐसे अन्य ऐप्स को बंद कर दिया जाएगा।
खिलाड़ियों की कमाई पर भी गिरी गाज
ड्रीम11 और अन्य ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स के साथ कई भारतीय क्रिकेटर लंबे समय से जुड़े रहे हैं। विराट कोहली, एमएस धोनी, रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी इन ऐप्स के ब्रांड एम्बेसडर रहे हैं और इन्हें प्रमोट करते आए हैं। सरकारी फैसले के बाद इन ब्रांड डील्स पर ब्रेक लगने वाला है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, खिलाड़ियों को कुल मिलाकर 150 से 200 करोड़ रुपये तक का नुकसान झेलना पड़ सकता है। अकेले विराट कोहली को अनुमानित तौर पर 10 करोड़, जबकि धोनी और रोहित शर्मा को 6 से 7 करोड़ रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।
BCCI की कमाई को भी झटका
यह सिर्फ खिलाड़ियों की निजी कमाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) की आय पर भी गहरा असर पड़ेगा। ड्रीम11 और माय11सर्कल जैसे ऐप्स ने आईपीएल और टीम इंडिया के प्रायोजन में करोड़ों रुपये का निवेश किया है। उदाहरण के तौर पर, माय11सर्कल हर आईपीएल सीजन के लिए बीसीसीआई को 125 करोड़ रुपये का भुगतान करता है। अब इस डील के समाप्त होने की आशंका है, जिससे बोर्ड को बड़ा नुकसान होगा।
IPL फ्रेंचाइजियों पर भी असर
ड्रीम11 और अन्य गेमिंग कंपनियां केकेआर, एलएसजी और एसआरएच जैसी आईपीएल टीमों की प्रायोजक रही हैं। यदि ये कंपनियां बाजार से हटती हैं, तो इन फ्रेंचाइजियों को भी आर्थिक झटका लगना तय है। इसके अलावा, अन्य टीमों को भी ब्रांड डील्स में कमी का सामना करना पड़ सकता है।