धोनी और कोहली (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 का 17वां संस्करण 9 सितंबर से शुरू होने वाला है और क्रिकेट प्रेमियों में इसे लेकर खासा उत्साह है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के बीते 16 संस्करणों में कई बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिले हैं, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे भी बने हैं जो आज तक अटूट हैं और जिन्हें तोड़ना बेहद मुश्किल माना जा रहा है। इनमें से दो रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम हैं, एक रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम, जबकि बाकी दो रिकॉर्ड श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के नाम दर्ज हैं। आइए जानते हैं ऐसे पांच रिकॉर्ड जो आज भी एशिया कप इतिहास में सबसे अनोखे माने जाते हैं।
विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज़्यादा कैच
एमएस धोनी ने एशिया कप में बतौर विकेटकीपर जो रिकॉर्ड बनाया है, वह तोड़ना आसान नहीं है। उन्होंने वनडे और टी20 फॉर्मेट मिलाकर कुल 24 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 43 कैच लिए हैं। इसमें वनडे में 19 मैचों में 25 कैच और 11 स्टंपिंग, वहीं टी20 में 5 मैचों में 6 कैच और एक स्टंपिंग शामिल है। बतौर विकेटकीपर यह अब तक का सर्वाधिक कैचिंग रिकॉर्ड है।
एक संस्करण में सबसे ज़्यादा कैच
धोनी ने 2018 के एशिया कप में एक और कमाल किया था। उन्होंने सिर्फ एक संस्करण में ही 12 कैच लिए थे, जो किसी भी विकेटकीपर द्वारा एक एशिया कप में सबसे ज्यादा हैं। यह रिकॉर्ड आज भी बरकरार है और इस स्तर की निरंतरता दिखाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी चुनौती है।
कोहली की ऐतिहासिक पारी
विराट कोहली ने 2012 के एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ एक अविश्वसनीय पारी खेली थी। उन्होंने मात्र 148 गेंदों में 183 रन बनाए थे। यह आज तक एशिया कप इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। इस मैच में कोहली ने पाकिस्तानी गेंदबाज़ों की धज्जियां उड़ा दी थीं और भारत को यादगार जीत दिलाई थी।
अजंता मेंडिस की घातक गेंदबाजी
श्रीलंका के स्पिनर अजंता मेंडिस ने 2008 के एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ जो प्रदर्शन किया, वह आज भी सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। उन्होंने मात्र 13 रन देकर 6 विकेट झटके थे। एक बड़े फाइनल में इतनी किफायती और घातक गेंदबाजी करना शायद ही कोई दोहरा पाए।
पाकिस्तानी जोड़ी की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी
2012 के एशिया कप में पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज और नासिर जमशेद ने भारत के खिलाफ पहले विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी की थी। यह एशिया कप इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। इतने साल बीत जाने के बावजूद यह रिकॉर्ड आज भी कायम है।