बेटे के साथ बुमराह (सोर्स- इंस्टाग्राम)
Asia Cup 2025: भारत के तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को टी20 एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है। इससे पहले बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ हुई टेस्ट सीरीज़ में भारत के लिए एक अहम भूमिका निभाई थी। इस सीरीज़ में उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी से विपक्षी बल्लेबाज़ों को खासा परेशान किया और कई महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके चयन से यह साफ़ है कि टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता उनकी फिटनेस और प्रदर्शन से संतुष्ट हैं।
परिवार के साथ छुट्टियों का आनंद ले रहे हैं बुमराह
इंग्लैंड सीरीज़ के बाद बुमराह को थोड़ा आराम दिया गया है और इन दिनों वे अपने परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने अपने बेटे अंगद के साथ एक तस्वीर साझा की है, जिसमें वह सड़क पर टहलते हुए नज़र आ रहे हैं। इस तस्वीर में बुमराह ने अपने बेटे का हाथ थाम रखा है और दोनों की यह खूबसूरत झलक फैंस के दिलों को छू रही है। यह फोटो वायरल हो चुकी है और सोशल मीडिया पर लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
बुमराह की फिटनेस पर उठे थे सवाल
हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के बाद बुमराह की फिटनेस पर सवाल उठे थे। दरअसल, उन्हें पाँच टेस्ट मैचों की सीरीज़ में से केवल तीन में ही खेलने का मौका मिला। चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट ने काम के बोझ को देखते हुए उन्हें दूसरे और पांचवें टेस्ट मैच से आराम दिया था। बुमराह ने पहले, तीसरे और चौथे टेस्ट मैच में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी।
बुमराह की क्षमता पर नहीं है कोई शक
हालांकि, मैच न खेलने को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ आलोचनाएं भी देखने को मिलीं, लेकिन क्रिकेट विशेषज्ञ और प्रशंसक अब भी जसप्रीत बुमराह को न केवल भारत बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज़ गेंदबाज़ों में गिनते हैं। उनकी सटीक लाइन और लेंथ, डेथ ओवरों में शानदार नियंत्रण और लगातार विकेट लेने की क्षमता उन्हें अन्य गेंदबाज़ों से अलग बनाती है।
अब जब वे एशिया कप के लिए तैयार हैं, तो फैंस को उम्मीद है कि बुमराह अपनी लय में लौटकर भारत को एक और खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।