शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: भारतीय टीम चयन को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल को आगामी टी20 टूर्नामेंट की टीम में जगह नहीं मिलेगी। जबकि हाल ही में दोनों को लेकर टीम में अहम भूमिका निभाने की चर्चा चल रही थी। इस बीच, श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है, जिससे टीम के मिडिल ऑर्डर में अनुभव का संतुलन मिलेगा।
गिल और जायसवाल को नहीं मिलेगा मौका
स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, टीम इंडिया के चयनकर्ता और प्रबंधन इस बार यूएई की धीमी पिचों को ध्यान में रखते हुए अनुभवी बल्लेबाज़ों पर भरोसा जता सकते हैं। यही वजह है कि शुभमन गिल, जिन्होंने जुलाई 2024 के बाद कोई टी20 मैच नहीं खेला है, इस बार भी टीम में जगह नहीं बना पाएंगे।
वहीं, यशस्वी जायसवाल, जिनका टी20 स्ट्राइक रेट 164 से ऊपर और औसत 36+ है, उन्हें भी इस बार बाहर बैठना पड़ सकता है। यह फैसला चौंकाने वाला हो सकता है, लेकिन पिच और अनुभव को प्राथमिकता देने के चलते यह निर्णय लिया गया है।
श्रेयस अय्यर की एंट्री से रिंकू और दुबे पर संकट
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि यदि श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया जाता है, तो इसका असर रिंकू सिंह और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों पर पड़ सकता है। रिंकू ने गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद से 13 पारियों में सिर्फ 190 रन बनाए हैं, जिसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं है।
इसी तरह, शिवम दुबे का प्रदर्शन भी इंग्लैंड सीरीज़ को छोड़कर खास प्रभावशाली नहीं रहा है। ऐसे में श्रेयस की मौजूदगी दोनों खिलाड़ियों की जगह को चुनौतीपूर्ण बना सकती है।
विकेटकीपर के तौर पर जितेश शर्मा
जितेश शर्मा का टीम में चयन लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, संजू सैमसन पिछले एक साल से टीम इंडिया के लिए विकेटकीपर की पहली पसंद बने हुए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्लेइंग इलेवन में किसे मौका मिलता है, लेकिन जितेश को टीम में शामिल किया जाना तय माना जा रहा है।
जसप्रीत बुमराह पर अभी फैसला लंबित
टीम चयन को लेकर एक और अहम पहलू यह है कि जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता को लेकर अंतिम फैसला अब तक नहीं लिया गया है। बुमराह ने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ में कार्यभार प्रबंधन के तहत सिर्फ तीन मैच खेले थे। चयनकर्ता फिलहाल उनकी फिटनेस और कार्यभार को ध्यान में रखते हुए फैसला करेंगे।