क्रिस वोक्स (सोर्स- सोशल मीडिया)
Chris Woakes: इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज़ क्रिस वोक्स को भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में कंधे की गंभीर चोट का सामना करना पड़ा था। मैच के पहले ही दिन उनका कंधा खिसक गया था, जिसके बाद वह पूरे मुकाबले में दर्द से जूझते रहे। यहाँ तक कि आखिरी दिन वे गेंदबाजी भी नहीं कर पाए। इस चोट के बाद आशंका जताई जा रही थी कि वह आगामी एशेज सीरीज़ से भी बाहर हो सकते हैं।
एक हाथ से की बल्लेबाज़ी
हालांकि, वोक्स ने मैदान पर जुझारूपन दिखाते हुए इंग्लैंड की पारी के आखिरी ओवरों में एक हाथ से बल्लेबाज़ी की और टीम के लिए आखिरी रन जोड़े। इसके बावजूद इंग्लैंड को ओवल टेस्ट में 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा। चोट की गंभीरता को देखते हुए यह कयास लगाया जाने लगा कि उनकी फिटनेस एशेज से पहले सवालों के घेरे में है।
द हंड्रेड टूर्नामेंट में बिना स्लिंग दिखे वोक्स
हाल ही में द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में वोक्स अपनी चोट को लेकर अहम अपडेट देते नज़र आए। वे पहली बार सार्वजनिक रूप से बिना स्लिंग (हाथ को सहारा देने वाली बेल्ट) के दिखाई दिए। यह उनके रिकवरी प्रोग्रेस का बड़ा संकेत माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब वह अपने हाथ को पहले से बेहतर तरीके से हिला पा रहे हैं और उम्मीद है कि अगले दो हफ्तों में स्थिति और बेहतर हो जाएगी।
सर्जरी से बचना चाहेंगे वोक्स
क्रिस वोक्स ने कहा, “मेरे लिए यह एक पॉजिटिव संकेत है कि अब मैं स्लिंग से बाहर आ गया हूँ। मुझे अब थोड़ा आराम महसूस हो रहा है और धीरे-धीरे कंधे की गति वापस आ रही है। अभी भी काफी काम करना बाकी है, लेकिन मैं पूरी तरह रिहैब पर ध्यान दे रहा हूँ।” वोक्स ने आगे कहा कि वह सर्जरी से बचना चाहेंगे, लेकिन अगर ज़रूरत पड़ी तो उस विकल्प को भी देखा जाएगा।
एशेज से पहले फिट होने की उम्मीद
अगर सब कुछ ठीक रहा, तो क्रिस वोक्स नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में शुरू होने वाली एशेज सीरीज़ से पहले फिट हो सकते हैं। सीरीज़ की शुरुआत 21 नवंबर से पर्थ टेस्ट से होगी और इंग्लैंड के पास अपने अनुभवी ऑलराउंडर को वापसी के लिए लगभग तीन महीने का समय मिलेगा। वोक्स की मौजूदगी से इंग्लैंड को गेंद और बल्ले दोनों विभागों में मजबूती मिलेगी।
नज़र चयनकर्ताओं पर भी
इंग्लैंड के चयनकर्ता भी वोक्स की रिकवरी को नज़दीकी से मॉनिटर कर रहे हैं, क्योंकि एक फिट वोक्स टीम के संतुलन के लिए बेहद अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।