भारतीय महिला ए टीम बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला ए (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs AUS: भारतीय महिला ए टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां वह ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ खेल रही है। इस सीरीज़ में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। हालांकि इससे पहले भारत को टी20 सीरीज़ में हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन वनडे में उन्होंने दमदार वापसी की और लगातार दो मैच जीतकर सीरीज़ पर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 265 रन
सीरीज़ का दूसरा वनडे मैच काफी रोमांचक रहा। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 265 रन बनाए। उनके लिए सबसे बड़ी पारी एलिसा हीली ने खेली, जिन्होंने 91 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा किम गार्थ ने नाबाद 41 रन बनाए और टीम को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
भारत की ओर से गेंदबाजी में मिन्नू मनी सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा साइमा ठाकोर ने भी अच्छी गेंदबाज़ी करते हुए 2 विकेट हासिल किए। गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में किफायती गेंदबाजी कर ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया।
भारतीय महिला ए टीम की शुरुआत रही खराब
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला ए टीम की शुरुआत काफी खराब रही। टीम ने महज़ 20 रन के स्कोर पर अपने दो अहम विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज़ शैफाली वर्मा सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि धारा गुज्जर खाता भी नहीं खोल सकीं।
हालांकि इसके बाद यास्तिका भाटिया, राधा यादव और तनुजा कंवर ने मोर्चा संभालते हुए बेहतरीन बल्लेबाज़ी की और टीम को जीत दिलाई। यास्तिका ने 66 रन, राधा यादव ने 60 रन और तनुजा कंवर ने 50 रनों की शानदार पारी खेली। इन तीनों के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने 49.5 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
सीरीज़ में भारत की 2-0 से अजेय बढ़त
इस जीत के साथ ही भारतीय महिला ए टीम ने तीन मैचों की सीरीज़ में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। तीसरा और अंतिम वनडे अब औपचारिकता भर रह गया है, लेकिन भारतीय टीम क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान में उतरेगी। इस जीत से टीम का मनोबल काफी बढ़ा है और यह प्रदर्शन भविष्य में मुख्य टीम में जगह बनाने के लिए भी अहम साबित हो सकता है।