जसप्रीत बुमराह और हर्षा भोगले (सोर्स- सोशल मीडिया)
Jasprit Bumrah: इंग्लैंड दौरे के दौरान जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर क्रिकेट जगत में काफी चर्चा हुई। विशेषकर ओवल टेस्ट में उनकी अनुपस्थिति ने आलोचकों को उन्हें निशाना बनाने का मौका दे दिया। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दोनों टेस्ट मुकाबलों में बुमराह के बिना ही जीत हासिल की, जिससे यह सवाल और तेज हो गया कि क्या भारत अपने प्रमुख गेंदबाज़ के बिना भी सफल हो सकता है? जिसके बाद अब मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।
सिराज के लगातार प्रदर्शन से हुई तुलना
इस पूरी बहस के बीच मोहम्मद सिराज का उदाहरण सबसे ज्यादा सामने आया। सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ सभी पांच टेस्ट मैचों में हिस्सा लिया और सीरीज में सबसे ज्यादा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज़ बने। सिराज की मेहनत को सामने रखकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने बुमराह की आलोचना शुरू कर दी और उन्हें ‘वर्कलोड का बहाना बनाने वाला’ तक कहा गया।
हर्षा भोगले ने आलोचकों को दिया करारा जवाब
बुमराह की आलोचना पर क्रिकेट एक्सपर्ट और मशहूर कमेंटेटर हर्षा भोगले ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, “सच में? आप बुमराह को ट्रोल कर रहे हैं? मुझे उम्मीद है कि आप उनमें से नहीं हैं। अगर आप हैं, तो शायद आप समझते नहीं कि बुमराह बनने के लिए उन्होंने कितना संघर्ष किया है।”
भोगले ने बुमराह को भारत का सबसे बड़ा मैच विनर करार दिया और कहा कि वह टीम के लिए लगातार ओवर फेंकते हैं और कभी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटते।
बीसीसीआई लाने वाला है नया वर्कलोड नियम
इन विवादों के बीच पीटीआई की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बीसीसीआई अब खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर सख्त रुख अपनाने वाली है। रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड अब खिलाड़ियों को यह छूट नहीं देगा कि वे खुद तय करें कि कौन सा मैच खेलना है और कौन सा छोड़ना है।
अब यह जिम्मेदारी टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं की होगी कि वे हर खिलाड़ी की फिटनेस और फॉर्म के आधार पर उसे टीम में शामिल करें या आराम दें। इस नियम का उद्देश्य खिलाड़ियों को ज्यादा फिट रखना और अनावश्यक आलोचनाओं से बचाना है।