सीएसके टीम (सोर्स- सोशल मीडिया)
IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले टीमें अपनी तैयारियों में जुट गई हैं और कुछ बड़े नामों के टीम बदलने की अटकलें जोरों पर हैं। इन्हीं में एक बड़ा नाम है आर अश्विन का, जो अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से अलग हो सकते हैं। साथ ही, खबर है कि संजू सैमसन भी राजस्थान रॉयल्स छोड़ने का मन बना चुके हैं।
सीएसके से अलग हो सकते हैं आर अश्विन
क्रिकबज़ की एक रिपोर्ट के अनुसार, आर अश्विन ने CSK से अलग होने का मन बना लिया है। उन्होंने इस बारे में फ्रेंचाइज़ी प्रबंधन को सूचित भी कर दिया है। माना जा रहा है कि वह आगामी सीज़न में किसी नई टीम के साथ जुड़ सकते हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में एमएस धोनी और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने सीएसके प्रबंधन के साथ एक अहम बैठक की है, जिसमें खिलाड़ियों की संभावित अदला-बदली को लेकर चर्चा हुई है।
CSK ने खरीदा था 9.75 करोड़ में
आर अश्विन को CSK ने 9.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। इससे पहले वे राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे। उनके आईपीएल सफर की शुरुआत भी चेन्नई सुपर किंग्स से ही हुई थी, जब उन्होंने 2009 से 2015 तक येलो आर्मी का प्रतिनिधित्व किया था। उसके बाद वे पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, और राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खेले।
संजू सैमसन का RR से अलग होने का इरादा
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने फ्रेंचाइज़ी से अलग होने की इच्छा ज़ाहिर कर दी है। सूत्रों के अनुसार, वह किसी नई टीम में कप्तानी की भूमिका चाहते हैं, और इसके लिए कई फ्रेंचाइज़ियाँ उनसे संपर्क कर चुकी हैं। अगर वह टीम बदलते हैं, तो यह आईपीएल 2026 की सबसे बड़ी हलचल में से एक होगी।
अश्विन का आईपीएल और इंटरनेशनल करियर
आर अश्विन का आईपीएल करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 220 मैच खेले हैं और 187 विकेट चटकाए हैं। गेंद के साथ-साथ उन्होंने 705 रन भी बनाए हैं।
टेस्ट क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड और भी जबरदस्त है। अश्विन ने 106 टेस्ट मैचों में 537 विकेट लिए हैं और 3503 रन भी बनाए हैं। वह भारत के सबसे सफल ऑफ स्पिनरों में गिने जाते हैं।
नया सीज़न, नई चुनौतियां
आईपीएल 2026 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली और ट्रांसफर की चर्चाओं ने माहौल गरमा दिया है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि आर अश्विन और संजू सैमसन जैसे बड़े खिलाड़ी किस टीम का हिस्सा बनते हैं।