बीसीसीआई (सोर्स- सोशल मीडिया)
BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी घरेलू सत्र 2025-26 के लिए छह प्रमुख सीनियर क्रिकेट टूर्नामेंटों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इस शेड्यूल की शुरुआत दलीप ट्रॉफी से होगी, जो अगस्त के अंत में खेली जाएगी।
दलीप ट्रॉफी और ईरानी कप की वापसी
घरेलू सत्र की शुरुआत दलीप ट्रॉफी से होगी, जो 28 अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगी। यह टूर्नामेंट भारत के उभरते और अनुभवी खिलाड़ियों को एक साथ लाकर उन्हें चयनकर्ताओं के सामने खुद को साबित करने का मौका देता है।
इसके बाद, ईरानी कप का आयोजन 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक होगा। यह मुकाबला आमतौर पर रणजी ट्रॉफी विजेता और रेस्ट ऑफ इंडिया टीम के बीच खेला जाता है।
रणजी ट्रॉफी
भारत की प्रमुख फर्स्ट क्लास प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी का आयोजन इस बार दो वर्गों में किया जाएगा। एलीट ग्रुप के मुकाबले 15 अक्टूबर से 28 फरवरी तक चलेंगे, जबकि प्लेट ग्रुप के मुकाबले 15 अक्टूबर से 26 जनवरी तक खेले जाएँगे।
विजय हजारे ट्रॉफी
50 ओवर फॉर्मेट की विजय हजारे ट्रॉफी का आयोजन 24 दिसंबर से 13 जनवरी (एलीट ग्रुप) और 24 दिसंबर से 6 जनवरी (प्लेट ग्रुप) तक किया जाएगा। यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को वनडे फॉर्मेट में अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देता है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी
टी20 फॉर्मेट में खेली जाने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले 26 से 28 दिसंबर तक होंगे, जबकि प्लेट ग्रुप मैच 26 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच आयोजित किए जाएँगे।
महिला क्रिकेट के दो बड़े टूर्नामेंट
BCCI ने महिला क्रिकेट को भी खास तवज्जो दी है। सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले 8 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेंगे, जबकि प्लेट ग्रुप के मैच 8 से 17 अक्टूबर के बीच होंगे। वहीं, सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी का आयोजन 6 फरवरी से 28 फरवरी (एलीट ग्रुप) और 6 फरवरी से 16 फरवरी (प्लेट ग्रुप) के बीच किया जाएगा।
खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का मौका
BCCI के इस शेड्यूल से यह साफ है कि बोर्ड घरेलू क्रिकेट को मजबूती देने के अपने इरादे पर कायम है। ये टूर्नामेंट न केवल युवा खिलाड़ियों के लिए बल्कि सीनियर खिलाड़ियों के लिए भी अपनी फॉर्म और फिटनेस दिखाने का बड़ा मंच होंगे।