शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: भारतीय टेस्ट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है। गिल ने इस पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में अब तक 754 रन बना लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और एक दोहरा शतक जड़ा है। हालांकि, वह इस सीरीज में एक भी अर्धशतक नहीं बना पाए हैं, लेकिन जब टीम को सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी, गिल ने कप्तान की तरह आगे बढ़कर ज़िम्मेदारी उठाई और बल्ले से दम दिखाया।
आखिरी टेस्ट में नहीं चला बल्ला, फिर भी बना रिकॉर्ड
हालाँकि सीरीज के आखिरी टेस्ट मैच में केनिंग्टन ओवल की दोनों पारियों में शुभमन गिल का बल्ला खामोश रहा। पहली पारी में उन्होंने 21 रन बनाए और दूसरी पारी में सिर्फ 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन इन दोनों पारियों के बावजूद गिल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 6000 रन पूरे कर लिए हैं।
गिल ने पूरे किए 6000 अंतरराष्ट्रीय रन
शुभमन गिल ने अब तक टेस्ट क्रिकेट में 2647 रन बनाए हैं, जबकि वनडे क्रिकेट में उनके नाम 2775 रन दर्ज हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में गिल ने 578 रन बनाए हैं। इन आंकड़ों को मिलाकर गिल का कुल स्कोर अब 6000 से पार हो चुका है। इतनी कम उम्र और अनुभव में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना गिल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देता है।
गावस्कर का रिकॉर्ड टूटने से बचा
शुभमन गिल इस सीरीज में एक और बड़ी उपलब्धि के बेहद करीब पहुँच गए थे। अगर वह केवल 21 रन और बना लेते, तो वह दिग्गज बल्लेबाज़ सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ देते। गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज दौरे पर एक सीरीज़ में 774 रन बनाए थे, जो अब तक किसी भारतीय बल्लेबाज़ द्वारा एक टेस्ट सीरीज़ में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड है। गिल 754 रन बनाकर इस रिकॉर्ड से महज 20 रन पीछे रह गए।
गिल को मिला टीम का पूरा समर्थन
हालांकि, इस सीरीज में कप्तान गिल को अपने साथी खिलाड़ियों का जबरदस्त साथ मिला। केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने भी अहम मौकों पर दमदार प्रदर्शन किया। लेकिन टीम को आगे बढ़ाने की असली कमान शुभमन गिल ने ही संभाली, जो एक सच्चे कप्तान की पहचान है।