IND vs ENG: इंग्लैंड ने मैनचेस्टर के ऐतिहासिक ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में भारत के खिलाफ खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया। बेन स्टोक्स की अगुवाई में इंग्लिश टीम ने पहली पारी में 669 रन बनाकर मैदान पर 168 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
दरअसल, यह मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इस खास उपलब्धि के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें इस रिकॉर्ड को ऐतिहासिक बताया गया।
हालांकि कई दर्शकों को इस बात को लेकर भ्रम हुआ कि टेस्ट क्रिकेट को शुरू हुए अभी 148 साल ही हुए हैं, फिर 168 साल पुराना रिकॉर्ड कैसे टूट गया? इसका जवाब है ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम का इतिहास।
ओल्ड ट्रैफर्ड का इतिहास
क्रिकबज़ के अनुसार, मैनचेस्टर का एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम साल 1857 में खुला था। यह टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत (1877) से 20 साल पहले का समय था। तब से लेकर अब तक इस मैदान पर कई यादगार मुकाबले हुए, लेकिन इतनी बड़ी टीम पारी का स्कोर कभी नहीं बना। इंग्लैंड ने पहली बार इस मैदान पर 669 रन बनाकर नया रिकॉर्ड बना दिया।
रूट और स्टोक्स की शानदार पारियां
इंग्लैंड के इस विशाल स्कोर की नींव जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स ने रखी। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार शतक जमाए। रूट ने 248 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 150 रन बनाए, जबकि स्टोक्स ने 198 गेंदों पर 11 चौकों और 3 छक्कों के साथ 141 रनों की कप्तानी पारी खेली।
इन दोनों के अलावा सलामी जोड़ी ने भी बेहतरीन शुरुआत दिलाई। बेन डकेट और जैक क्रॉली के बीच पहले विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी हुई। डकेट ने 94 और क्रॉली ने 84 रनों की पारी खेली।
इंग्लैंड को मिली 311 रनों की बड़ी बढ़त
इंग्लैंड की पहली पारी के 669 रनों के जवाब में टीम इंडिया पूरी तरह दबाव में दिखी। इंग्लैंड को पहली पारी के आधार पर 311 रनों की बढ़त मिल गई है।
जब भारत ने अपनी दूसरी पारी शुरू की, तब चौथे दिन के पहले सत्र का खेल खत्म होते-होते भारत ने सिर्फ 1 रन पर ही 2 अहम विकेट गंवा दिए। यह इंग्लैंड के गेंदबाजों की जबरदस्त शुरुआत रही और भारत के लिए अब मैच में वापसी करना बेहद मुश्किल होता जा रहा है।