केविन पीटरसन की भविष्यवाणी (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में इंग्लिश टीम पूरी तरह से हावी दिख रही है। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में 358 रन बनाए, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मैच का रुख अपनी ओर मोड़ लिया।
टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड ने शानदार शुरुआत की। ओपनर जैक क्रॉली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 166 रनों की मजबूत साझेदारी की। दोनों बल्लेबाज़ों ने भारतीय गेंदबाज़ों को हावी होने का कोई मौका नहीं दिया। डकेट 94 रन बनाकर अंशुल कंबोज का पहला टेस्ट विकेट बने, जबकि क्रॉली ने 84 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
इंग्लैंड की शानदार बल्लेबाजी
तीसरे दिन इंग्लैंड की पकड़ और मजबूत होती नज़र आई। ओली पोप और जो रूट ने तीसरे विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी कर टीम को एक मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया। पोप 71 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन जो रूट शानदार शतक बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
पीटरसन का बड़ा बयान
इंग्लैंड के शानदार प्रदर्शन के बीच पूर्व इंग्लिश कप्तान केविन पीटरसन ने भी एक बड़ी बात कह दी। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि अगर इंग्लैंड ने तीसरे दिन भी बल्लेबाज़ी जारी रखी, तो यहीं से सीरीज़ का अंत तय हो जाएगा और इंग्लैंड यह सीरीज़ जीत जाएगा।
मजबूत स्थिति में इंग्लैंड
इस समय इंग्लैंड पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ में 2-1 से आगे चल रहा है। हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने भारत को 5 विकेट से हराया था। टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट में जोरदार वापसी की थी और 336 रनों से जीत दर्ज की थी। लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने एक बार फिर पलटवार करते हुए 22 रन से जीत हासिल की।
इंग्लैंड के पकड़ में मुकाबला
अब चौथे टेस्ट में बेन स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लिश टीम एक बार फिर मज़बूती से खेल रही है। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 4 विकेट पर 400 के पार रन बना लिए हैं और मैच पर उनकी पकड़ काफी मजबूत हो चुकी है।