वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
WI vs AUS: बुधवार, 23 जुलाई को वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट का डबल धमाका देखने को मिला। दिन में दोनों देशों के बीच टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मैच खेला गया, जबकि रात में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के तहत वेस्टइंडीज चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टक्कर हुई। खास बात ये रही कि दोनों मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर दबदबा बना लिया।
इंग्लिस-ग्रीन का तूफान
टी20 सीरीज़ के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 172 रन बनाए। ब्रैंडन किंग ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 51 रन बनाए, जबकि आंद्रे रसेल ने सिर्फ 15 गेंदों पर 36 रनों की तेज़तर्रार पारी खेली।
सीरीज में 2-0 से बढ़त
173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भले ही साधारण रही, लेकिन जोश इंग्लिस और कैमरन ग्रीन ने मिलकर तूफानी बल्लेबाज़ी की। इंग्लिस ने 33 गेंदों में 78 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल थे। वहीं, ग्रीन ने 32 गेंदों में 56 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 131 रनों की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को 15.2 ओवर में ही जीत दिला दी। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज़ में 2-0 की बढ़त बना ली है।
लीजेंड्स टूर्नामेंट: लिन की विस्फोटक पारी
23 जुलाई की रात को वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस आमने-सामने हुए। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 142 रन बनाए। लेंडल सिमंस ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए, लेकिन टीम का कोई भी बल्लेबाज़ बड़ी पारी नहीं खेल सका।
ऑस्ट्रेलिया का करारा जवाब
जवाब में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने लक्ष्य को महज 9.3 ओवर में हासिल कर लिया। क्रिस लिन ने सिर्फ 27 गेंदों पर 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। बेन डंक ने 9 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला भी 8 विकेट से जीतकर दिन भर वेस्टइंडीज पर अपनी बादशाहत कायम रखी।