ऋषभ पंत और साई सुदर्शन (सोर्स- बीसीसीआई एक्स)
IND vs ENG: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने पहली पारी 358 रन पर खत्म हो गई है। इस पारी में ऋषभ पंत दूसरे दिन टूटे हुए अंगूठे के साथ शानदार बल्लेबाजी करते हुए दिखाई दिए। वह बुधवार 37 रन पर रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए थे। लेकिन, दूसरे दिन वह दोबारा मैदान पर आए और कमाल की बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा है।
दरअसल, ऋषभ पंत ने लंगड़ाते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। पंत ने 75 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 2 छक्के निकले। पंत के अलावा साई सुदर्शन ने 61 और यशस्वी जायसवाल ने 58 रन बनाए। वहीं, इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए।
ऋषभ पंत ने रचा इतिहास
ऋषभ पंत ने टूटे हुए अंगूठे के साथ अर्धशतक बनाकर इतिहास रच दिया है। वह अब इंग्लैंड में सबसे ज़्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं। इंग्लैंड में यह उनका पाँचवाँ पचास+ स्कोर था। पंत ने एमएस धोनी और फारुख इंजीनियर को पीछे छोड़ दिया है। धोनी और फारुख ने चार-चार बार 50+ स्कोर बनाया था।
ऐसी रही भारतीय पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की चौथे टेस्ट में अच्छी शुरुआत रही। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी की। केएल राहुल 98 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। फिर तीसरे नंबर पर आए साई सुदर्शन ने भी अर्धशतक लगाया और यशस्वी जायसवाल ने भी अर्धशतक लगाया।
गिल का बल्ला रहा खामोश
जायसवाल ने 107 गेंदों में 58 रनों की पारी खेली। उनके बल्ले से 10 चौके और एक छक्का निकला। साई सुदर्शन ने 151 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 61 रन बनाए। यह टेस्ट क्रिकेट में उनका पहला अर्धशतक था। वहीं कप्तान शुभमन गिल का बल्ला खामोश रहा। वह सिर्फ 12 रन ही बना सके।
पहले दिन 37 रन पर चोटिल हुए ऋषभ पंत ने 75 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली। रवींद्र जडेजा ने 20 रन बनाए। शार्दुल ठाकुर ने 41 और वाशिंगटन सुंदर ने 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंशुल कंबोज 00 और जसप्रीत बुमराह चार रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड ने की शानदार गेंदबाजी
इंग्लैंड के लिए कप्तान बेन स्टोक्स ने 72 रन देकर पाxच विकेट लिए। वहीं, जोफ्रा आर्चर ने 73 रन देकर तीन भारतीय बल्लेबाजों को आउट किया। इसके अलावा, लियाम डॉसन और क्रिस वोक्स ने एक-एक विकेट लिया।