जसप्रीत बुमराह (सोर्स- सोशल मीडिया)
Jasprit Bumrah: भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि अब तक खेले गए तीन टेस्ट मैचों में से उन्होंने सिर्फ दो ही मैच खेले हैं। इसकी वजह उनकी फिटनेस और पहले से तय प्लान है, जिसके अनुसार बुमराह सिर्फ तीन टेस्ट मैचों में ही हिस्सा लेने वाले हैं। लेकिन अब जब टीम इंडिया सीरीज़ में 1-2 से पीछे है, तो चौथा टेस्ट बेहद अहम हो गया है।
23 जुलाई से होगा चौथा टेस्ट
पांच मैचों की इस टेस्ट सीरीज़ का चौथा मुकाबला 23 जुलाई से खेला जाएगा। भारत के लिए यह मुकाबला निर्णायक बन चुका है क्योंकि हार की स्थिति में टीम सीरीज़ गंवा देगी। ऐसे में पूर्व भारतीय हेड कोच अनिल कुंबले ने बुमराह से हर हाल में इस मैच में खेलने की अपील की है।
अनिल कुंबले ने क्या कहा
अनिल कुंबले ने कहा, “मैं बुमराह को अगला मैच खेलने के लिए ज़रूर कहूंगा क्योंकि यह मुकाबला बहुत अहम है। अगर वह नहीं खेलते और भारत हार जाता है, तो सीरीज़ खत्म हो जाएगी। उन्हें अगले दोनों टेस्ट खेलने चाहिए। अगर आराम चाहिए, तो वह घरेलू सीरीज़ में ले सकते हैं।”
कुंबले के मुताबिक अब बुमराह की मौजूदगी ज़रूरी हो गई है क्योंकि सीरीज़ की बाज़ी अब दांव पर लगी है।
टीम मैनेजमेंट का बयान?
भारतीय टीम के सहायक कोच रयान डोइच ने बुमराह की स्थिति को लेकर कहा, “हम मैनचेस्टर में फैसला लेंगे। हमने उन्हें आखिरी दो टेस्ट में से किसी एक के लिए टीम में शामिल किया है। अब जब सीरीज़ दांव पर है, तो उन्हें खिलाने का फैसला किया जा सकता है।” यानि अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है, लेकिन बुमराह के खेलने की संभावना बढ़ गई है।
बुमराह का प्रदर्शन अब तक शानदार
जसप्रीत बुमराह ने लीड्स टेस्ट में पांच विकेट झटके थे, जबकि लॉर्ड्स टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में दो विकेट लिए। दो टेस्ट मैचों में अब तक उन्होंने कुल 12 विकेट चटकाए हैं और टीम इंडिया के लिए सबसे प्रभावशाली गेंदबाज़ साबित हुए हैं।