जसप्रीत बुमराह (सोर्स- बीसीसीआई एक्स)
IND vs ENG: जसप्रीत बुमराह ने लॉर्ड्स टेस्ट में वो कर दिखाया, जिसका सपना हर भारतीय तेज़ गेंदबाज़ देखता है। वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर रहे बुमराह ने तीसरे टेस्ट की दूसरी सुबह गेंद थामते ही इंग्लिश बल्लेबाजों पर कहर बरपा दिया। उन्होंने न सिर्फ 5 विकेट झटके, बल्कि इस दौरान कपिल देव का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
कपिल देव को पीछे छोड़ बुमराह ने रचा इतिहास
लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेकर बुमराह ने अपने करियर का 15वां 5 विकेट हॉल पूरा किया। खास बात यह है कि विदेशी जमीन पर यह उनका 13वां 5 विकेट हॉल है। इस आंकड़े के साथ उन्होंने कपिल देव को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम विदेश में 12 बार 5 विकेट हॉल लेने का रिकॉर्ड था। अब बुमराह विदेशी धरती पर सबसे ज़्यादा बार एक पारी में 5 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज़ बन गए हैं।
“ऑनर्स बोर्ड” पर दर्ज कराया नाम
लॉर्ड्स के ऐतिहासिक “ऑनर्स बोर्ड” पर नाम दर्ज कराना हर क्रिकेटर का सपना होता है और बुमराह ने यह उपलब्धि भी हासिल कर ली। शुक्रवार को इंग्लैंड की पारी के दौरान उन्होंने जोफ्रा आर्चर को आउट कर अपना पांचवां विकेट पूरा किया। सुबह का यह उनका चौथा विकेट था और उनकी घातक गेंदबाज़ी के दम पर इंग्लैंड की टीम 387 रनों पर ऑल आउट हो गई।
इंग्लैंड की पारी लड़खड़ाई
दूसरे दिन इंग्लैंड ने 4 विकेट पर 251 रन से आगे खेलना शुरू किया। जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स के अर्धशतकों के अलावा पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई।
भारत की शुरुआत रही कमजोर
जवाब में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 13 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। करुण नायर ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 40 रन पर बेन स्टोक्स के हाथों कैच आउट हो गए। शुभमन गिल भी इस बार बड़ी पारी नहीं खेल सके और 28 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर पवेलियन लौट गए।
राहुल और पंत पर टिकी उम्मीदें
दिन का खेल खत्म होने तक केएल राहुल 53 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि ऋषभ पंत 19 रन पर उनका साथ दे रहे हैं। भारत अभी भी इंग्लैंड से 242 रन पीछे है और पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने की चुनौती उसके सामने बनी हुई है।