विराट कोहली (सोर्स- सोशल मीडिया)
Virat Kohli: टीम इंडिया इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ के दो मैच खेले जा चुके हैं। इस दौरान इंग्लैंड ने लीड्स टेस्ट और भारत ने एजबेस्टन में जीत दर्ज की थी। अब तीसरा मैच 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। इस सीरीज़ में फैन्स विराट कोहली को काफी मिस कर रहे हैं। हालांकि, अब उन्होंने अपने संन्यास पर खुलकर बात की है। कोहली ने बता दिया है कि उन्होंने ये फैसला क्यों किया है।
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर कोहली ने सबको चौंकाया
इंग्लैंड सीरीज़ से पहले विराट कोहली ने अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर सबको हैरान कर दिया था। कोहली इस फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे और उनके पास कई बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका था। ऐसे में फैन्स के मन में सवाल था कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि विराट ने यह बड़ा फैसला लिया।
मज़ेदार अंदाज़ में दिया संन्यास का जवाब
लंदन में युवराज सिंह ने चैरिटी यूवीकॉन फाउंडेशन के लिए एक डिनर पार्टी रखी थी। इस पार्टी में कई दिग्गज क्रिकेटर्स शामिल हुए थे। इस दौरान टीवी प्रस्तोता गौरव कपूर ने विराट से टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर फैन्स के निराश होने का सवाल पूछा। जवाब में विराट ने मज़ेदार अंदाज़ में कहा, “मैंने एक दिन पहले ही अपनी दाढ़ी रंगी है। जब आपको हर चौथे दिन अपनी दाढ़ी रंगनी पड़े, तो समझ लीजिए कि अब समय आ गया है।”
36 साल की उम्र में टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा
गौरतलब है कि विराट कोहली ने 12 मई 2025 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। उन्होंने 36 साल की उम्र में टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। कोहली के इस फैसले ने फैन्स को चौंका दिया था।
यह भी पढ़ें- Wiaan Mulder: ब्रायन लारा के आगे झुके वियान मुल्डर, खुद बताया क्यों नहीं तोड़ा 400 का रिकॉर्ड
विंबलडन में दिखा कोहली का नया अंदाज़
टेस्ट से संन्यास के बाद विराट कोहली अपनी पत्नी के साथ विंबलडन 2025 में नोवाक जोकोविच का प्री-क्वार्टर फाइनल मैच देखने पहुंचे। इस दौरान कोहली का स्टाइलिश अंदाज़ भी चर्चा में रहा। मैच में नोवाक जोकोविच ने जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और अब वह 9 जुलाई को अगला मुकाबला खेलेंगे।