एमएस धोनी का जन्मदिन (सोर्स- सोशल मीडिया)
MS Dhoni Birthday: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी आज यानी 7 जुलाई 2025 को अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को हुआ था और अब यह सितारा 44 साल का हो गया है। उनके फैंस देश-विदेश में जमकर जश्न मना रहे हैं और सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। सबसे खास बात तो यह है कि उन्होंने केवल सात लोगों के साथ अपने बर्थडे का केक काटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
धोनी ने रांची में काटा केक
जब देशभर में उनके जन्मदिन का जश्न हो रहा है, तो सवाल उठता है कि खुद धोनी अपना बर्थडे कैसे मना रहे हैं? इसका जवाब मिला एक वायरल वीडियो से। धोनी ने अपने जन्मदिन पर रांची के जेएससीए स्टेडियम में 7 लोगों के साथ केक काटा। दिलचस्प बात यह है कि धोनी का जर्सी नंबर भी 7 है, और उनके इस खास जश्न में भी सिर्फ 7 लोग ही शामिल थे।
MS Dhoni celebrating his 44th Birthday 😍❤️ pic.twitter.com/SYVATE9FUG
— ` (@WorshipDhoni) July 7, 2025
कौन हैं धोनी के ये 7 खास लोग?
वीडियो में नजर आ रहे ये सात लोग कोई सेलिब्रिटी या बड़े नाम नहीं हैं, बल्कि धोनी के करीबी, आस-पास के लोग हैं। ये वही लोग हैं जो हमेशा माही के साथ जुड़े रहते हैं और जिनके घर धोनी खुद भी जाते रहते हैं। इस छोटे से सादे जश्न से पता चलता है कि धोनी भले ही कितने बड़े सितारे हों, लेकिन उनका दिल आज भी जमीन से जुड़ा हुआ है।
कप्तानी में रचे कई इतिहास
महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती। इसके अलावा आईपीएल में भी धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार चैंपियन बनाया।
धोनी का क्रिकेट करियर
धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ की थी और 15 अगस्त 2020 को संन्यास ले लिया। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन, 350 वनडे में 10773 रन और 98 टी20 मैचों में 1617 रन बनाए। धोनी की बल्लेबाजी औसत और उनकी विकेटकीपिंग स्किल्स दोनों ही बेहतरीन रहे हैं, जिसने उन्हें एक अलग मुकाम पर पहुंचाया।