टीम इंडिया (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs ENG: लीड्स में हार के बाद ऐसा माना जा रहा था कि टीम इंडिया के लिए सीरीज में वापसी करना मुश्किल होगा। लेकिन एजबेस्टन टेस्ट में टीम इंडिया ने ना सिर्फ वापसी की, बल्कि इंग्लैंड को 336 रनों से हराकर सभी आलोचकों को करारा जवाब दिया। यह जीत युवा कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंडिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित हुई।
कप्तान शुभमन गिल का दो शतकों से जलवा
रोहित शर्मा के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई थी। इंग्लैंड दौरे पर बतौर कप्तान यह उनका पहला अनुभव था, जो बेहद सफल रहा। गिल ने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में 269 रनों की विशाल पारी खेली, जबकि दूसरी पारी में भी 161 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गिल की दोनों पारियों ने टीम इंडिया की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
रवींद्र जडेजा का ऑलराउंड प्रदर्शन
रवींद्र जडेजा इस समय टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं और उन्होंने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाया। जडेजा ने पहली पारी में 89 और दूसरी पारी में 69 रन बनाए, जिससे भारत को दोनों पारियों में बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद मिली। गेंदबाजी में भी जडेजा ने एक विकेट लिया और अपनी ऑलराउंड क्षमता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।
आकाश दीप की घातक गेंदबाजी
जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में आकाश दीप को टीम में मौका मिला, जिसे उन्होंने पूरी तरह भुना लिया। आकाश दीप ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट झटकते हुए इंग्लैंड की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया। उनकी घातक गेंदबाजी ने इंग्लैंड को मैच में कहीं टिकने नहीं दिया।
सिराज ने भी मचाया कहर
आकाश दीप के साथ मोहम्मद सिराज ने भी जबरदस्त गेंदबाजी की साझेदारी निभाई। सिराज ने पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 1 विकेट लेकर कुल 7 विकेट हासिल किए। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक अंदाज ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
यह भी पढ़ें- Shubman Gill की एक तस्वीर ने उड़ाए BCCI के होश, बोर्ड को हो सकता है करोड़ों का नुकसान
टीम वर्क से मिली ऐतिहासिक जीत
टीम इंडिया की इस शानदार जीत में सभी खिलाड़ियों ने मिलकर योगदान दिया। कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी और दो शतक, जडेजा का ऑलराउंड प्रदर्शन, आकाश दीप और सिराज की घातक गेंदबाजी, इन सबने मिलकर भारत को एजबेस्टन में ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने यह साबित कर दिया कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है।