शुभमन गिल, विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Shubman Gill: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन में खेला जा रहा है। जहां भारत टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी है। इस मुकाबले में टीम इंडिया सीरीज को 1-1 से बराबर करने की कोशिश में रहेगी, क्योंकि लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, दूसरे टेस्ट में भारत के कप्तान शुभमन गिल के पास इतिहास रचने के मौका भी है।
दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले ही दिन कप्तान शुभमन गिल ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए सीरीज का दूसरा शतक जड़ दिया। दिन का खेल खत्म होने तक गिल 114 रन बनाकर नाबाद लौटे। गिल का यह शतक पहले दिन आया है, जो इंग्लैंड की धरती पर एक बड़ा कारनामा माना जा रहा है।
📸📸 The roar after a sublime ton 💯#TeamIndia | #ENGvIND | @ShubmanGill pic.twitter.com/lBnaDAuzvL
— BCCI (@BCCI) July 2, 2025
विराट-तेंदुलकर को पीछे छोड़ने का मौका
इतना ही नहीं, अब गिल के पास दूसरे दिन दोहरा शतक लगाने का सुनहरा मौका होगा। अगर वह ऐसा कर देते हैं तो वह एजबेस्टन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे और विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ देंगे।
कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब
वहीं, गिल महज 37 रन और बना लेते हैं तो वह एजबेस्टन में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी तक यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने इस मैदान पर 149 रनों की पारी खेली थी।
दोहरे शतक पर गिल की नजर
पहले दिन का खेल खत्म होने तक शुभमन गिल के साथ रवींद्र जडेजा क्रीज पर डटे हुए हैं। जडेजा ने 67 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद पारी खेली है और दूसरे दिन भी गिल का साथ देने को तैयार हैं। जबकि, गिल की नजर दोहरे शतक पर रहेगी।
टॉप ऑर्डर का मिला योगदान
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने तेजतर्रार पारी खेलते हुए 87 रन बनाए। उन्हें बेन स्टोक्स ने पवेलियन भेजा। करुण नायर ने 31 और ऋषभ पंत ने 25 रन का योगदान दिया। हालांकि, केएल राहुल और नीतीश कुमार रेड्डी इस पारी में फ्लॉप रहे और बड़ी पारी खेलने में नाकामयाब रहे।