रांची समेत झारखंड के कई शहरों में सक्रिय ब्राउन शुगर सप्लाई नेटवर्क की मुख्य सरगना रूबी उर्फ ‘भाभी जी’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को लंबे समय से भाभी जी की तलाश थी. कई महीनों की मशक्कत के बाद उसने खुद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया.
कहां कहां फैला था भाभीजी के नशे का जाल
बिहार के सासाराम की रहने वाली रूबी का नेटवर्क न सिर्फ रांची बल्कि उसके आस-पास के जिलों तक फैला हुआ था. रांची पुलिस ने उसे तीन दिनों की रिमांड पर लिया और जहां पूछताछ में भाभी जी ने कई राज उगले. पूछताछ में भाभी जी ने कबूल किया है कि ब्राउन शुगर वह खुद तैयार करती है, और उसके पति, देवर और घर के अन्य सदस्य भी इस अवैध धंधे में शामिल हैं.
पुलिस के साथ आंख मिचौली खेल रही थी भाभीजी
जनवरी 2025 में इस रैकेट का पर्दाफाश हुआ था, जब कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया. उसके बाद भाभी जी का नाम लगातार सामने आता रहा, लेकिन हर बार पुलिस छापेमारी से पहले उसे भनक लग जाती थी और वो फरार हो जाती थी.
भाभीजी से क्या पता करने में लगी पुलिस
पिछले महीने रांची के नूर नगर में एक प्रेमी जोड़े सेजल खान और सूरज कुमार को 110 ब्राउन शुगर पैकेट और ₹4.5 लाख नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उन्होंने भी रूबी का नाम लिया. अब पुलिस को उसके नेटवर्क, ब्राउन शुगर की रेटिंग, कच्चा माल और सप्लाई चैन के बारे में ठोस जानकारी मिली है और आगे कई गिरफ्तारी की उम्मीद है.