हजारीबाग, झारखंड:
झारखंड के हजारीबाग जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। हजारीबाग सदर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अशोक कुमार की पत्नी अनीता देवी की मौत के बाद मामला गंभीर मोड़ ले चुका है। पुलिस ने इस मामले में एसडीओ अशोक कुमार सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
यह पूरा मामला बीते गुरुवार का है जब अनीता देवी ने हजारीबाग के लोहसिंघना स्थित सरकारी आवास पर कथित तौर पर खुद को आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें पहले बोकारो जनरल अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर रांची के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के भाई राजकुमार गुप्ता के बयान पर एसडीओ अशोक कुमार, उनके पिता दुर्योधन साहू, छोटे भाई शिवनंदन और भाभी रिंकू देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। राजकुमार गुप्ता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि अशोक कुमार के प्रमोशन के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आ गया था और पति-पत्नी के बीच रिश्ते तनावपूर्ण हो गए थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि अनीता देवी को अशोक कुमार के विवाहेतर संबंध का पता चलने के बाद विवाद और गहरा गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए उपमंडल पुलिस अधिकारी (मुख्यालय) अमित कुमार आनंद को नियुक्त किया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “कानून सबके लिए समान है। यदि एसडीओ अशोक कुमार के खिलाफ आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इधर, मृतका के परिजनों ने एसडीओ के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव भी किया। वहीं पुलिस ने एसडीओ के सरकारी आवास पर कार्यरत कर्मचारियों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं।
अपनी सफाई में एसडीओ अशोक कुमार ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश की, इस दौरान वह खुद भी झुलस गए। उन्होंने बताया कि फिलहाल वे भी अस्पताल में भर्ती हैं। अशोक कुमार और अनीता देवी की शादी 2011 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं नौ साल का बेटा और चार साल की बेटी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कीवर्ड – harkhand suicide case, SDO Ashok Kumar, Hazaribagh news, women harassment case, Jharkhand police investigation, Anita Devi death,झारखंड आत्महत्या मामला, एसडीओ अशोक कुमार, हजारीबाग समाचार, महिला उत्पीड़न केस, झारखंड पुलिस जांच, अनीता देवी मौत