भारत बनाम पाकिस्तान (सोर्स- सोशल मीडिया)
IND vs PAK: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है और क्रिकेट फैंस एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत का इंतज़ार कर रहे हैं। इस बार टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं – भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ओमान, हांगकांग और नेपाल। यह टूर्नामेंट पहली बार 1984 में आयोजित हुआ था और तब से अब तक एशिया की बड़ी टीमें कई बार आमने-सामने आ चुकी हैं।
IND vs PAK: एशिया कप में कौन रहा आगे?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में अब तक 18 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से भारत ने 10 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 6 बार सफलता मिली है। 2 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला। इससे यह साफ होता है कि एशिया कप के इतिहास में भारत का प्रदर्शन पाकिस्तान की तुलना में कहीं ज्यादा बेहतर रहा है।
वनडे बनाम टी20 फॉर्मेट में आंकड़े
- एशिया कप में अब तक मुकाबले दोनों प्रारूपों – वनडे और टी20 में खेले जाते रहे हैं।
- वनडे फॉर्मेट में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 मैच हुए हैं। भारत ने 8 जीते, पाकिस्तान ने 5, और 2 बेनतीजा रहे।
- वहीं, टी20 फॉर्मेट में अब तक 3 मुकाबले हुए हैं जिनमें भारत ने 2 बार जीत दर्ज की, जबकि पाकिस्तान ने 1 बार भारत को हराया है।
- यहां भी भारत का रिकॉर्ड साफ तौर पर बेहतर नजर आता है।
भारत-पाक मैच की तारीख तय
14 सितंबर 2025 को एक बार फिर क्रिकेट के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे। भारत और पाकिस्तान का मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया इस बार काफी मजबूत नजर आ रही है। खास बात यह है कि पाकिस्तान की टीम में बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान जैसे सीनियर खिलाड़ी नहीं हैं, जो टीम की बल्लेबाज़ी की रीढ़ माने जाते थे।
टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड में भी भारत आगे
अगर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के समग्र रिकॉर्ड की बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 13 मैच खेले गए हैं। इसमें भारत ने 10 बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मुकाबलों में जीत मिली है।
एशिया कप 2025 में भले ही सभी टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी, लेकिन सबसे ज्यादा निगाहें भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी होंगी। आंकड़े साफ तौर पर बता रहे हैं कि टीम इंडिया इस मुकाबले में फेवरेट है, लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है नतीजा मैदान पर ही तय होगा।