चेतेश्वर पुजारा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Cheteshwar Pujara: भारतीय टेस्ट क्रिकेट के भरोसेमंद बल्लेबाज़ चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। पुजारा ने एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपने फैसले का ऐलान करते हुए लिखा, “भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और मैदान पर उतरते ही अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करना, इन पलों को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। लेकिन जैसा कि कहते हैं, हर अच्छी चीज़ का अंत होता है। मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का निर्णय लिया है।”
राजकोट से टीम इंडिया तक का सफर
राजकोट जैसे छोटे शहर से आने वाले पुजारा ने अपने बचपन को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने एक छोटे बच्चे के रूप में भारतीय टीम का हिस्सा बनने का सपना देखा था। उन्होंने कहा, “मुझे अंदाज़ा नहीं था कि क्रिकेट मुझे इतना कुछ देगा, अमूल्य अवसर, अनुभव, उद्देश्य, प्यार और सबसे बढ़कर अपने राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका।”
बीसीसीआई और कोचों का जताया आभार
पुजारा ने अपने करियर के दौरान मिले समर्थन के लिए बीसीसीआई और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का आभार जताया। उन्होंने लिखा, “मैं उन सभी टीमों, फ्रैंचाइज़ियों और काउंटी टीमों का भी आभारी हूं, जिनका मैंने प्रतिनिधित्व किया।”
उन्होंने अपने कोचों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, मार्गदर्शन और विश्वास ने ही उन्हें आज तक पहुंचाया।
प्रशंसकों और परिवार को दिया धन्यवाद
अपने लंबे करियर के दौरान दुनिया भर के प्रशंसकों से मिले समर्थन का ज़िक्र करते हुए पुजारा ने लिखा, “प्रशंसकों की ऊर्जा और समर्थन हमेशा मेरे साथ रहा। मैं जहां भी खेला, मुझे प्यार और सम्मान मिला, जिसके लिए मैं जीवनभर आभारी रहूंगा।”
उन्होंने अपने परिवार का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके माता-पिता, पत्नी पूजा, बेटी अदिति और ससुराल पक्ष के सहयोग से ही उनका सफर सार्थक बन सका।
अंतर्राष्ट्रीय करियर की झलक
चेतेश्वर पुजारा का अंतर्राष्ट्रीय करियर बेहद सराहनीय रहा। 37 वर्षीय इस बल्लेबाज़ ने भारत के लिए 103 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेले। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 7195 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि वे वनडे टीम में ज़्यादा समय तक जगह नहीं बना पाए, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा।