शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Asia Cup 2025: बीसीसीआई ने मंगलवार को 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया था। जहां कई खिलाड़ियों के नाम ना होने के वजह से बवाल मचा हुआ है। खासकर श्रेयस अय्यर, मोहम्मद सिराज जैसे मैच विनर खिलाड़ियों को टीम मैं शामिल ना करके बीसीसीआई ने फैंस को चौंका दिया है। हालांकि, क्रिकेट प्रेमियों को इस बात की भी हैरानी हुई है कि शुभमन गिल को टीम इंडिया का उप-कप्तान कैसे बना दिया गया है। ऐसे में एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है।
गंभीर ने की सिफारिश
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शुभमन गिल को उप-कप्तानी नहीं मिलने वाली थी, वह चयनकर्ता की पहली पंसद नहीं थे, लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर ने उनके नाम की सिफारिश की, जिसकी वजह से उन्हें ये जिम्मा मिला है।
गौतम की मांग को मिला समर्थन
रिपोर्ट से जानकारी मिली है कि सेलेक्शन मीटिंग में कोच गौतम गंभीर ऑनलाइन जुड़े थे। उन्होंने गिल को भावी लीडर करार देते हुए उप-कप्तान बनाने की मांग की थी। उनकी इस मांग को समर्थन मिला, जिसके बाद गिल को चयन समिति ने उप-कप्तान बना दिया।
कब से शुरू हो रहा एशिया कप?
जानकारी के लिए बता दें कि एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है, जिसका फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के सभी मुकाबले अबुधाबी और दुबई में खेले जाएंगे।
भारत कब खेलेगा पहला मुकाबला?
टीम इंडिया टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 10 सितंबर को खेलेगी। भारत का पहला मैच यूएई से होगा। भारत को इस टूर्नामेंट के खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। सुर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने पहले कई टी20 मुकाबले जीते हैं। ऐसे में इस टूर्नामेंट में भी कुछ ऐसा ही कमाल देखने मिल सकता है।
14 सितंबर को होगा भारत बनाम पाकिस्तान
वहीं, भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत एक बार फिर फैंस को देखने मिलने वाली है। दोनों टीमों के बीच 14 सितंबर को महा-मुकाबला होने वाला है। उसके बाद 19 सितंबर को भारत ओमान से भिड़ेगा।
टूर्नामेंट में 3 बार होगा भारत-पाक का मुकाबला?
सुपर-4 में भारत का एक बार फिर पाकिस्तान से मुकाबला हो सकता है। अगर दोनों टीमें सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर लेती हैं, जो लगभग तय है। अगर भारत और पाकिस्तान दोनों एशिया कप के फाइनल में प्रवेश करती हैं, तो दोनों के बीच 28 सितंबर को खिताबी मुकाबला हो सकता है। इस तरह 2025 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैच खेले जा सकते हैं।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।