एमएस धोनी (सोर्स- सोशल मीडिया)
MS Dhoni: आईपीएल 2025 का समापन 3 जून को हुआ, लेकिन इस बार चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पांच बार की चैंपियन टीम प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी। टूर्नामेंट के बीच में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की चोट ने टीम को झटका दिया और इसके बाद एक बार फिर एमएस धोनी ने कप्तानी संभाली। हालांकि नेतृत्व में बदलाव के बावजूद टीम जीत की लय नहीं पकड़ सकी। आईपीएल के खत्म होते ही सबसे बड़ा सवाल यही उठ खड़ा हुआ—क्या धोनी अगले सीजन यानी आईपीएल 2026 में खेलेंगे?
धोनी ने कहा- अभी फैसला करने में वक्त है
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान जब एमएस धोनी से पूछा गया कि क्या वे आईपीएल 2026 में मैदान पर नजर आएंगे, तो उन्होंने साफ जवाब दिया कि इस बारे में फैसला करने में अभी समय है। धोनी ने कहा, “दिसंबर तक इस पर सोचने का वक्त है, उसके बाद ही कोई निर्णय लूंगा।” यह सुनकर कार्यक्रम में मौजूद एक फैन ने जोर से कहा, “सर, आपको खेलना ही होगा।” इसके जवाब में माही ने मुस्कुराते हुए कहा, “घुटने के दर्द का ध्यान कौन रखेगा?”
धोनी का यह हल्का-फुल्का जवाब उनके दर्द को भी बयां कर गया। इससे साफ है कि अब उनकी फिटनेस, खासकर घुटने की स्थिति, अगले सीजन में खेलने के फैसले को प्रभावित करेगी।
घुटने की तकलीफ बनी बड़ी रुकावट
आईपीएल 2025 के पूरे सीजन में एमएस धोनी को घुटने की समस्या से जूझते देखा गया। कई बार वे रन लेने में परेशानी महसूस करते नजर आए। मैदान पर उनकी फुर्ती पहले जैसी नहीं थी, और हर मैच के बाद फिजियो का सहारा लेना आम बात हो गई थी। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजी में टीम को कई बार मजबूती दी, लेकिन उनके घुटने का दर्द साफ दिखाई दिया।
फैसले का इंतजार कर रहे हैं फैंस
धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं हर सीजन के बाद होती हैं, लेकिन आईपीएल 2025 के बाद यह सवाल और गंभीर हो गया है। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि माही एक बार फिर मैदान पर नजर आएं और पीली जर्सी में आखिरी बार धमाल मचाएं। धोनी खुद भी इस बात को स्वीकार कर चुके हैं कि वे फैंस के लिए खेल रहे हैं।
क्या होगा अगला कदम?
अब सबकी नजर दिसंबर 2025 पर है, जब शायद माही अपने क्रिकेट भविष्य को लेकर कोई अंतिम निर्णय लें। क्या वे एक आखिरी सीजन के लिए वापसी करेंगे, या मैदान को अलविदा कह देंगे, इसका जवाब वक्त ही देगा। मगर इतना तय है कि फैंस उन्हें एक बार फिर खेलते देखने को बेकरार हैं।